MUZAFFARPUR

पचमहला फायरिंग केस में अनंत सिंह को हाई कोर्ट से मिली बेल, चुनाव से पहले जेल से बाहर आएंगे छोटे सरकार

पटना : इस वक्त की बड़ी खबर राजधानी पटना से निकल कर सामने आ रही है, जहां पचमहला गोलीकांड में जेल में बंद पूर्व विधायक अनंत सिंह को बड़ी राहत मिली है। पटना हाई कोर्ट ने अनंत सिंह की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए उन्हें बेल दे दी है। ऐसे में अब बिहार विधानसभा चुनाव से पहले छोटे सरकार जेल से बाहर आ जाएंगे।

दरअसल, यह मामला 22 जनवरी 2025 का है, जब सोनू और मोनू ने मुकेश सिंह के घर पर ताला लगा दिया था। मुकेश उनके ईंट भट्ठे में मुंशी का काम करता था। दोनों ने उस पर 68 लाख रुपये की गबन का आरोप लगाया था। मुकेश ने इस बारे में अनंत सिंह से मदद मांगी और थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

इसके बाद अनंत सिंह अपने समर्थकों के साथ जलालपुर पहुंचे थे, मुकेश सिंह के घर का ताला तोड़ा और सोनू-मोनू से बातचीत के लिए नौरंगा गांव पहुंचे थे, तभी दोनों पक्षों के बीच भीषण गोलीबारी हुई थी। करीब 70 राउंड फायरिंग हुई, हालांकि पुलिस ने केवल 14 खोखे बरामद किए थे।

23 जनवरी को मुकेश के घर दोबारा गोलीबारी हुई, जिसमें पुलिस को 4 खोखे मिले। 24 जनवरी को पचमला थाना पुलिस ने सोनू को गिरफ्तार किया और पहले पटना, फिर भागलपुर जेल भेजा गया। उसी दिन अनंत सिंह ने बाढ़ कोर्ट में सरेंडर किया था। इस गोलीबारी का एक 53 सेकेंड का वीडियो भी वायरल हुआ था।

वायरल वीडियो के आधार पर मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह पर आर्म्स एक्ट, हत्या की कोशिश, सरकारी काम में बाधा और मारपीट जैसी धाराओं में केस दर्ज किया गया था। अनंत सिंह ने जमानत के लिए पटना हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। अनंत सिंह की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए उन्हें बड़ी राहत दी और बेल दे दी। कोर्ट से बेल मिलने के बाद अनंत सिंह जल्द ही जेल से बाहर आ जाएंगे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.