MUZAFFARPUR

मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरपुर में रखी 574.16 करोड़ की योजनाओं की नींव

मुजफ्फरपुर : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को मुजफ्फरपुर में 574.16 करोड़ की सात योजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें बिहार राज्य पुल निगम की तीन, पथ निर्माण विभाग की तीन और ग्रामीण कार्य विभाग की एक योजना शामिल है। मुख्यमंत्री ने 5 जनवरी को अपनी प्रगति यात्रा के दौरान इन योजनाओं की घोषणा की थी। इसके बाद पताही टीचर ट्रेनिंग स्कूल परिसर में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभार्थियों, आशा, जीविका दीदी, पंचायत प्रतिनिधियों और बिजली उपभोक्ताओं से संवाद किया। लाभुकों से मिलने के बाद उन्होंने हाजीपुर-मुजफ्फरपुर बाईपास में बन रहे कपरपुरा आरओबी का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री करीब 10.30 बजे भगवानपुर गोलंबर स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचे।

यहां उन्होंने रिमोट से एक साथ सात परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इसके बाद वे मंत्रियों और अधिकारियों के साथ पताही स्थित टीचर ट्रेंनिंग स्कूल पहुंचे। यहां चार विभागों के सात स्टॉलों का जायजा लिया। लाभुकों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोग आपके सम्मानजनक जीवन-यापन के लिए लगातार काम कर रहे हैं। हमलोग चाहते हैं कि आपलोग अपना जीवन अच्छे ढंग से और गरिमा के साथ जी सकें। मौके पर मुख्यमंत्री ने 5842 स्वयं सहायता समूह को 107.11 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया।

साथ ही अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के लाभुकों को एक-एक लाख का चेक सौंपा। मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजन को ट्राई साइकिल भी दी। यहां पंचायत प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को अंग वस्त्र व प्रतीक चिह्न भेंटकर स्वागत किया। अच्छा काम कर रहीं जीविका दीदियां : पताही में जीविका दीदियों से संवाद में मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हमलोगों की सरकार बनी, यहां स्वयं सहायता समूहों की संख्या न के बराबर थी। हमलोगों ने वर्ष 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर स्वयं सहायता समूह की संख्या को बढ़ाना शुरू किया।

जीविका दीदियां काफी अच्छा काम कर रही हैं। हमने ही स्वयं सहायता समूह का नाम जीविका दिया और आप सब जीविका दीदियां कहलाती हैं। शहर में यातायात और सुगम होगा : मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरपुर में कुल सात विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। इसमें 167.68 करोड़ रुपये की लागत से रामदयालुनगर-मुजफ्फरपुर रेलखंड के गोबरसही गुमटी संख्या चार पर आरओबी सह पहुंच पथ निर्माण, 120.93 करोड़ रुपये से सिपहापुर-चकमुहब्बत-जेल चौक और मुजफ्फरपुर-पूसा रोड से चंदवारा पुल पहुंच पथ तक सड़क का निर्माण शामिल है। इसके अलावा 44.78 करोड़ से चांदनी चौक-रामदयालु नगर छह लेन सड़क और 89.77 करोड़ से बनने वाले चांदनी चौक-बखरी फोरलेन निर्माण का शिलान्यास हुआ।

इन सड़कों के चौड़ीकरण से शहर में यातायात और सुगम होगा। इसके अलावा शिवहर-मीनापुर-कांटी रघई घाट रोड कर चौड़ीकरण (126.74 करोड़) और गायघाट के भटगामा मधुरपट्टी घाट पर 174.24 मीटर लंबा उच्चस्तरीय आरसीसी पुल (24.28 करोड़) का निर्माण भी शामिल है।

मौके पर इनकी रही उपस्थिति

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, विधान पार्षद दिनेश सिंह, पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, कुमार रवि, पथ निर्माण विभाग के सचिव संदीप कुमार आर पुदुकलकट्टी, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के चेयरमैन शीर्षत कपिल अशोक, तिरहुत के आयुक्त राजकुमार, तिरहुत प्रक्षेत्र के डीआईजी चंदन कुमार कुशवाहा, डीएम सुब्रत कुमार सेन, एसएसपी सुशील कुमार सहित अन्य थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.