बक्सर: जिले के डुमरांव शहर में महिला सिपाही ने अपने साथी जवान पर यौन शोषण का आरोप लगाया है. पीड़िता की मानें तो आरोपी सिपाही दो सालों तक शादी का झांसा देकर उसके साथ यौन शोषण करता रहा. इस दौरान महिला ने तीन बार गर्भधारण किया और हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर गर्भपात करा दिया गया. जिसके बाद महिला सिपाही ने उक्त जवान के खिलाफ स्थानीय थाने में एफआईआर दर्ज कराई है. पीड़ित महिला सिपाही हरियाणा फार्म डुमरांव में पदस्थापित है.

महिला सिपाही से दो सालों तक यौन शोषण
डुमरांव थाने में दिए गए अपने आवेदन में पीड़िता ने सिपाही पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया है कि, वह गया जिले के रहने वाला है. उसने शादी का झांसा देकर महिला सिपाही के साथ लगातार दुष्कर्म किया. इस दौरान पीड़िता तीन बार गर्भवती हुई और हर बार आरोपी ने अलग-अलग बहाने बनाकर उसका गर्भपात करा दिया.

2023 में हुआ था संपर्क
महिला सिपाही ने बताया कि पहली मुलाकात फरवरी 2023 में बिसैप परिसर में हुई थी. इसके बाद आरोपी ने उसका मोबाइल नंबर लेकर लगातार संपर्क बनाए रखा. अप्रैल 2023 में वह वाराणसी गई थी, तो वहां पहुंच गया और कैंट इलाके के एक होटल में ठहरते समय पहली बार उसने जबरन शारीरिक संबंध बनाए. विरोध करने पर आरोपी ने उसका हाथ पकड़ा, मुंह ढंक दिया और बाद में नौकरी जाने की दुहाई देकर माफी मांगने लगा.

गुमराह करने के लिए किया मंदिर में शादी
मई 2023 में जब पीड़िता की गर्भवती होने की जानकारी आरोपी सिपाही को मिली तो, उसने मामले को दबाने के लिए नाटकीय ढंग से पीड़िता के साथ झारखंड के देवघर में स्थित मंदिर में शादी कर ली. इस दौरान जब महिला सिपाही परिजनों से मिलाने की जिद्द पर अड़ी रही तो आरोपी ने बहन की शादी की वर्षगांठ का बहाना बनाकर, उसे जल्द ही परिजनों से मिलवाने का झूठा आश्वासन दिया.

सिपाही तत्काल प्रभाव से निलंबित
मई 2025 में आरोपी सिपाही ने जब दूसरी लड़की से शादी कर ली तो पीड़ित महिला सिपाही का सब्र का बांध टूट गया. पीड़िता ने उक्त सिपाही के खिलाफ डुमरांव थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. मामला सामने आते ही विभाग में हड़कंप मच गया है. बताया जा रहा है कि आरोपी सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.







Leave a Reply