जमुई: बिहार के जमुई में एक मकान से भारी मात्रा में नकली दवाइयों का जखीरा बरामद हुआ है. छापेमारी में कफ सिरप, बुखार की दवाइयां, खाली बोतलें, रैपर्स, मशीनें और पैकिंग सामग्री बरामद की गई. लाखों रुपए से ज्यादा की नकली दवाएं जब्त की गई हैं.

गोदाम की आड़ में बनाई जा रही थीं दवाइयां
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला खैरा थाना क्षेत्र के चौहानडीह गांव का है. यहां गोदाम की आड़ में लंबे समय से नकली दवाइयां बनाने का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा था. इस संबंध में पुलिस को लगातार शिकायतें भी मिल रही थीं.

गुप्त सूचना पर मिली कार्रवाई
इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चौहानडीह गांव स्थित एक मकान में नकली दवाइयां तैयार की जा रही हैं. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उक्त घर में छापेमारी की.

मशीनें और पैकिंग सामग्री भी बरामद
इसी बीच कफ सिरप, बुखार की दवाइयां, खाली बोतलें, रैपर्स, मशीनें और पैकिंग सामग्री की बड़ी खेप बरामद हुई. इस संबंध में पुलिस ने औषधि निरीक्षक को भी मौके पर बुलाया और गहन छानबीन शुरू की.

माल को बाजार में बेचने की थी तैयारी
कुछ निर्मित और कुछ निर्माण के लिए रखे गए मेटेरियल को बाजार में खपाने की तैयारी थी. बरामद दवाइयों को ट्रैक्टर में भरके थाना ले जाया गया है. वहीं, जांच के बाद खुलासा होगा कि नकली दवाइयां बनाने का काम किसके मकान में कब से चल रहा था.







Leave a Reply