MUZAFFARPUR

… तो चिराग पासवान को वोट देंगे प्रशांत किशोर, कहा- वो NDA छोड़ दें तो भी गठबंधन नहीं होगा

बिहार : जन सुराज पार्टी (जेएसपी) के नेता प्रशांत किशोर ने कहा है कि अगर चुनाव में तेजस्वी यादव, सम्राट चौधरी और चिराग पासवान में किसी को वोट देने का विकल्प हो तो वो चिराग पासवान को वोट देंगे। उन्होंने साफ किया है कि अगर चिराग पासवान भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का साथ छोड़ भी देते हैं तो जन सुराज पार्टी और लोक जनशक्ति पार्टी- रामविलास (एलजेपीआर) का गठबंधन नहीं होगा। प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज पार्टी बिहार की 243 विधानसभा सीटों पर अकेले ही चुनाव लड़ेगी। चिराग और प्रशांत द्वारा एक-दूसरे की खुलकर तारीफ करने के बाद दोनों के राजनीतिक संबंधों पर अटकलें लग रही थीं।

प्रशांत किशोर ने यू-ट्यूब चैनल लाइव सिटीज के एक कार्यक्रम में चिराग पासवान से दोस्ती को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि ऐसा नहीं है कि उनकी रोज बात होती है, दोनों साथ चाय पी रहे हैं। उन्होंने कहा कि छह-आठ महीने में एक बार बात हुई होगी।

प्रशांत ने यह भी कहा कि चिराग को वो पसंद करते हैं क्योंकि बिहार में रहकर भी उन्होंने जाति का जहर नहीं फैलाया और भाजपा के साथ रहकर भी हिन्दू-मुसलमान कट्टरता नहीं फैलाई। उन्होंने कहा कि चिराग बिहार से राजनीति करते हैं, बिहार की राजनीति नहीं करते हैं।

चिराग पासवान से गठबंधन की संभावना के सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि उन दोनों के बीच व्यक्तिगत दोस्ती है लेकिन राजनीतिक रूप से कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक रूप से वो भाजपा से लड़ रहे हैं जबकि चिराग भाजपा के साथ हैं, इसलिए दोस्ती का सवाल नहीं है। प्रशांत ने कहा कि चिराग कल को भाजपा का साथ छोड़ भी देंगे तो दोनों का गठबंधन नहीं हो सकता है क्योंकि जन सुराज पार्टी 243 सीट लड़ेगी ही लड़ेगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.