MUZAFFARPUR

गिरती कानून व्यवस्था और बच्चियों के साथ हो रहे दुष्कर्म को लेकर NSUI में गुस्सा, CM के खिलाफ जताया रोष

मुजफ्फरपुर : बिहार में कानून व्यवस्था और बच्चियों के साथ हो रहे यौन अपराधों को लेकर एनएसयूआई (NSUI) ने बुधवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। मुजफ्फरपुर के सरैयागंज टॉवर चौक पर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ रोष व्यक्त किया।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष आदित्य कुमार कर्ण ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचेत अवस्था में हैं और प्रदेश की कानून व्यवस्था आईसीयू में पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि चंद अधिकारी ही पूरे बिहार को चला रहे हैं। हत्या, लूट और बलात्कार की घटनाएं रोजाना हो रही हैं।

आदित्य कर्ण ने कहा कि हाल ही में औराई में एक दलित नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की गई थी। बावजूद इसके अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि ऐसी ही घटना दोबारा सामने आ गई। उन्होंने कहा कि पुलिस शराबबंदी के नाम पर दिनभर इधर-उधर दौड़ती रहती है लेकिन महिलाओं की सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।

प्रदर्शन के बाद आयोजित सभा में जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह घटना केवल एक बच्ची के साथ अन्याय नहीं, बल्कि पूरे समाज और मानवता पर हमला है। दलितों और महिलाओं के खिलाफ लगातार बढ़ रहे अपराध इस बात का प्रमाण हैं कि बिहार में अब कानून का कोई भय नहीं रह गया है।

उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को तत्काल नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर बिहार की राजधानी मुजफ्फरपुर अब ‘रेप कैपिटल’ बनता जा रहा है, जो बेहद शर्मनाक है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.