मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज प्रखंड स्थित तिरहुत-वैशाली गंडक कैनाल का पूर्वी तटबंध बुधवार को लगभग 48.5 आरडी के पास करीब 50 मीटर की लंबाई में टूट गया। इसके चलते नहर का पानी तेजी से फैलते हुए बी-पट्टी पंचायत और मनोरथ पंचायत के कई वार्डों में घुस गया।

इस हादसे में कोई जानमाल की क्षति नहीं हुई है, लेकिन 100 एकड़ से अधिक खेतों में धान की फसल जलमग्न हो गई है। वहीं बी-पट्टी वार्ड-12 के दर्जनों घरों में भी पानी प्रवेश कर गया है। ग्रामीण सड़कें भी जलमग्न हैं।

घटना की सूचना मिलते ही जल संसाधन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया। विभाग के सहायक अभियंता देवरिया मनीष कुमार ने बताया कि नहर में बारिश कम होने के कारण 550 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था, लेकिन किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा तटबंध काटे जाने से यह हादसा हुआ।

उन्होंने कहा कि फिलहाल नहर में पानी की आपूर्ति बंद कर दी गई है और साहेबगंज थाना में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पानी का बहाव रुकते ही देर शाम से तटबंध के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू किया जाएगा।

इधर, एसडीएम वेस्ट श्रेया श्री ने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और जल संसाधन विभाग को त्वरित मरम्मत कार्य का निर्देश दिया गया है। क्षति के आकलन हेतु अंचल अधिकारी को स्थल निरीक्षण करने के लिए कहा गया है।







Leave a Reply