मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह कॉलेज की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने कॉलेज के साइंस ब्लॉक का दौरा किया तथा विभागों में उपलब्ध संसाधनों और शैक्षणिक गतिविधियों का गहनता से जायजा लिया. उन्होंने प्रत्येक विभाग में स्थित प्रयोगशालाओं का बारीकी से निरीक्षण किया.


इस दौरान उनका मुख्य ध्यान उपलब्ध उपकरणों की स्थिति और सिलेबस के अनुसार उपकरणों एवं प्रशिक्षकों उपलब्धता पर रहा. प्राचार्या प्रो कनुप्रिया ने विज्ञान खंड में छात्रों को उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं का भी विशेष रूप से जायजा लिया. उन्होंने विभागों की स्वच्छता, पेयजल की उपलब्धता और सिलेबस के अनुसार विभागीय लाइब्रेरी में पुस्तकों की उपलब्धता जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया।


छात्र सुविधाओं के महत्व पर जोर देते हुए प्रो. कनुप्रिया ने कहा, एक अनुकूल सीखने का माहौल तभी बन सकता है जब छात्रों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों. साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षित पेयजल हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने स्पष्ट किया, यह दौरा केवल एक औपचारिक दौरा नहीं है, बल्कि नए सत्र के लिए हमारी तैयारियों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है.


विश्वविद्यालय के दिशानिर्देशों के अनुसार, आज से 2025-29 सत्र की कक्षाएं शुरू हो रही हैं. हमें यह सुनिश्चित करना है कि हमारे नए सत्र के छात्रों को पहले दिन से ही एक सुचारू और गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक अनुभव मिले. उन्होंने विभागों से छात्रों के कैम्पस अनुभव को अच्छा बनाने, छात्रों को एनसीसी, एनएसएस, खेल गतिविधियों, योग सहित अन्य गतिविधियों से जोड़ने के लिए प्रेरित करने की अपील करते हुए कहा कि छात्रों का समग्र विकास मुख्य लक्ष्य है. मौके पर प्रो. टीके डे, प्रो. सुनील मिश्रा, प्रो. सुरेंद्र राय, प्रो. शैलेन्द्र सिन्हा, डॉ रीमा कुमारी, डॉ नवीन कुमार, डॉ बिपिन कुमार, डॉ आनंद कुमार सिंह, अमित मिश्रा सहित अन्य मौजूद रहे।







Leave a Reply