पटना: राजधानी पटना में रुक-रुक कर लगातार बारिश होने से ही जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है. खासकर राजधानी पटना के कई क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है. मुख्यमंत्री आवास से महज 200 मीटर दूरी पर हार्डिंग रोड में भीषण जल जमाव है.

VIP इलाके में जलजमाव
हॉर्डिंग रोड से कुछ दूरी पर ही कई विधायक के भी आवास हैं. सोमवार से ही इस रोड में जलजमाव का नजारा देखने को मिल रहा है. आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
जीवेश मिश्रा के आदेश का भी असर नहीं
सोमवार देर रात नगर विकास मंत्री जीवेश मिश्रा ने राजधानी पटना के कई क्षेत्रों का भ्रमण भी किया था. अधिकारियों के साथ निरीक्षण भी किया था और आदेश दिया था कि युद्ध स्तर पर राजधानी पटना के मुख्य सड़क से सबसे पहले जल की निकासी कराया जाए.

‘घर में घुसा पानी तो नहीं बना खाना’
जीवेश मिश्रा के आदेश का पालन होता नजर नहीं आ रहा है. अभी भी राजधानी के कई मुख्य सड़कों पर भारी जलजमाव देखने को मिल रहा है. दरोगा राय पथ से हार्डिंग रोड होकर जाने वाले यात्री देवेंद्र कुमार बताते हैं कि उनके घर में भी पानी भरा हुआ है. आज घर से खाना खाए बिना ड्यूटी में निकले हैं.

पटना नगर निगम की खुली पोल
कुल मिलाकर देखें तो मानसून की पहली बारिश में ही पटना नगर निगम की पोल खुल गयी है. पटना नगर निगम बरसात से पहले नाले की उड़ाही करवाता है और यह दावा करता है कि इस बार बारिश में भी जलजमाव की स्थिति नहीं होगी, लेकिन पहली बारिश में ही पटना पानी में डूब गया.

डिप्टी सीएम के आवास तक पहुंचा पानी
सोमवार को उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के सरकारी आवास तर में पानी भर गया था. वीवीआईपी इलाकों में जबरदस्त जलजमाव है. नगर निगम कर्मचारियों के पानी निकालने में पसीने छूट रहे हैं. आवास के अंदर जमा पानी को बाहर निकालने के लिए निगम ने जेसीबी की मदद ली.







Leave a Reply