पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज मुख्य सचिवालय के कैबिनेट हॉल में सुबह 10:30 बजे कैबिनेट बैठक आयोजित करने जा रहे हैं. बैठक में आज पत्रकारों की पेंशन राशि 6000 से 15000 रुपए करने के फैसले पर मुहर लग सकती है. साथ ही बिहार राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के गठन के फैसले पर भी स्वीकृति दी जा सकती है.

इससे पहले भी हो चुकी हैं कैबिनेट बैठक
इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 15 जुलाई और 18 जुलाई को एक सप्ताह में दो कैबिनेट बैठक आयोजित की थी. 15 जुलाई को हुई कैबिनेट बैठक में एक करोड़ नौकरी और रोजगार को लेकर विकास आयुक्त की अध्यक्षता में 12 सदस्यीय कमेटी बनाने का बड़ा फैसला लिया गया था.

इन एजेंडा पर लग चुकी है मुहर
लगभग 8000 करोड़ रुपए खर्च कर कोसी नहर की सिंचाई सुविधा के साथ जल प्रबंधन को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया था. इसके अलावा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य हेतु 77895 बीएलओ और 8245 बीएलओ सुपरवाइजर को वार्षिक मानदेय के अतिरिक्त एकमुश्त मानदेय ₹6000 देने के लिए 51 करोड़ 68 लाख 40000 की राशि स्वीकृति की गई थी.

15 जुलाई को 30 एजेंडे हुए थे पास
पटना मेट्रो रेल परियोजना अंतर्गत प्रायोरिटी कॉरिडोर के 2 वर्ष 8 महीने की अवधि के रखरखाव कार्य के लिए 179.37 करोड़ रुपए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड को देने की भी स्वीकृति दी गई थी. इसी तरह कुल 30 एजेंडों पर मुहर लगी थी.

बिहार में मिलेगी 125 यूनिट फ्री बिजली
वहीं, 18 जुलाई को एक बार फिर सीएम नीतीश ने कैबिनेट बैठक आयोजित की थी. इस बैठक में एक मात्र 125 यूनिट बिजली फ्री देने की घोषणा पर मुहर लगी थी. कैबिनेट ने इस योजना को मंजूरी देते हुए 19,793 करोड़ रुपए के बिजली अनुदान का प्रावधान किया है. यह सुविधा 1 अगस्त 2025 से लागू होगी.

विधानमंडल सत्र के बाद आज हो रही बैठक
अब विधानमंडल सत्र के बाद कैबिनेट की बैठक होने जा रही है. चुनावी साल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक के बाद एक बड़े फैसले ले रहे हैं और उसे कैबिनेट से भी पास करा रहे हैं.






Leave a Reply