भागलपुर: जिले के नाथनगर स्थित मनोकामना नाथ मंदिर में शादी करने जा रहे एक जोड़े को पुलिस ने शादी करने से रोक दिया है. दरअसल वर ने वधु की मांग में जैसी ही सिंदूर भरा, तभी पुलिस आ पहुंची और मंडप से वर-वधु को उठाकर नाथनगर थाना ले गई. बताया जा रहा है कि शादी दोनों पक्षों की रजामंदी से शादी हो रही थी.

दूल्हा-दुल्हन को उठा ले गई पुलिस
मिली जानकारी के अनुसार तिलकामांझी थाना क्षेत्र निवासी लड़की और मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के लड़के की शादी हो रही थी. लड़की की उम्र 23 साल और लड़के की उम्र 25 साल है. प्रेमी जोड़े के सभी रिश्तेदार भी शादी में आशीर्वाद देने पहुंचे थे.

अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस को किया फोन
इसी बीच डायल 112 पुलिस को किसी अज्ञात लड़के ने फोन किया और बताया कि मनोकामना नाथ मंदिर में जो शादी हो रही है. उसमें लड़की नाबालिग है और जबरन शादी कराई जा रही है.

थाने में घंटों बैठे वर-वधू
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लड़का-लड़की को थाना लेकर आई, जहां घंटों तक दोनों को बैठाकर रखा और पूछताछ की. इसी बीच परिजनों ने जमकर हंगामा किया.

सूचना निकली झूठी
वहीं, जब जांच की गई तो डायल 112 पुलिस को मिली सूचना झूठी निकली. इसके बाद करीब 1 बजे वर-वधु को फिर से मनोकामना नाथ मंदिर ले जाया गया, जहां शादी की सारी रस्में करके विवाह संपन्न कराया गया.

सहमति से हो रही थी शादी
दूल्हे के पिता ने बताया कि उनके बेटे और बहू के बीच प्रेम प्रसंग था. दोनों दो दिन पहले घर से भाग गए थे. इसके बाद उन्हें खोजा गया और लड़की के परिवार की सहमति से मंदिर में शादी कराई जा रही थी.

गलत सूचना देने वाले की पुलिस कर रही तलाश
नाथनगर इंस्पेक्टर राजीव रंजन सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने बात को माना और वर-वधु को साथ लेकर गए. जिसके बाद वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न हो गया है. उन्होंने कहा कि गलत सूचना देने वाले लड़के की तलाश की जा रही है.




Leave a Reply