पटना: चुनावी साल में नीतीश सरकार एक के बाद एक जनता को सौगात दे रही है. इसी बीच पत्रकारों को भी एक बड़ा तोहफा दिया है. दरअसल बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत पेंशन पाने वाले पत्रकारों को अब ₹15000 पेंशन की राशि मिलेगी. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से दी है.

नीतीश सरकार ने बढ़ाई ढाई गुना राशि
बता दें कि अभी तक पत्रकारों को बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत 6000 रुपए पेंशन राशि मिल रही थी, लेकिन अब ढाई गुना नीतीश सरकार ने पेंशन बढ़ाने का फैसला लिया है. इसके साथ ही आश्रित को 3000 की जगह अब ₹10000 की राशि भी देने की घोषणा की है.

आश्रित को मिलेंगे 10 हजार रुपए
सीएम नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के अंतर्गत पेंशन प्राप्त कर रहे पत्रकारों की मृत्यु होने की स्थिति में उनके आश्रित पति/ पत्नी को जीवनभर प्रतिमाह 3 हजार रुपए की जगह 10 हजार रुपए की पेंशन राशि दी जाएगी.

पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ
लोकतंत्र में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है. वे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और सामाजिक विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है. पत्रकारों की सुविधाओं का हम शुरू से ख्याल रख रहे हैं, ताकि वे निष्पक्ष होकर अपनी पत्रकारिता कर सकें और सेवानिवृत्ति के बाद सम्मानजनक तरीके से अपना जीवन-यापन कर सकें.

लंबे समय से पेंशन बढ़ाने की उठ रही थी मांग
बता दें कि बिहार में पत्रकारों की ओर से लंबे समय से पेंशन बढ़ाने की मांग हो रही थी. पत्रकार संघों की तरफ से कई बार आवेदन भी दिया गया था. अब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले नीतीश सरकार ने ये फैसला लिया है.

ये घोषणाएं भी कर चुके हैं सीएम
गौरतलब है कि इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत दी जा रही पेंशन को 400 रुपए से बढ़ाकर 1100 रुपए कर दिया है. साथ ही जनता को 125 यूनिट बिजली फ्री देने की घोषणा की है. इसके अलावा 5 साल में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का भी ऐलान किया है.






Leave a Reply