MUZAFFARPUR

दक्षिण बिहार में मौसम का ऑरेंज अलर्ट, गयाजी समेत 10 जिलों में आज भारी बारिश के आसार

बिहार के अधिकांश जिलों में शुक्रवार को गरज-तड़क के साथ बारिश होने के आसार हैं। 10 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। इससे अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के आसार हैं। इस दौरान उत्तर बिहार के मुकाबले दक्षिण बिहार में अधिक बारिश होने का पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को बेगूसराय, समस्तीपुर, खगड़िया, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया जी, नवादा, बांका और जमुई जिले के एक या दो स्थानों पर भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं बिजली व ठनका गिरने के साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने को लेकर दक्षिण बिहार के लिए ऑरेंज और उत्तर बिहार के लिए येलो अलर्ट है।

गुरुवार को पटना, रोहतास, बक्सर, शेखपुरा, गया जी, वैशाली और भागलपुर में बारिश हुई। इस दौरान सबसे अधिक बारिश 5.4 मिलीमीटर गया जी में और भागलपुर में बूंदाबांदी हुई। वहीं प्रदेश के ज्यादातर शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। राज्य का सबसे अधिक तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस गोपालगंज में और सबसे कम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस शेखपुरा में दर्ज किया गया। मोतिहारी में 26 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। तापमान अधिक रहने और आर्द्रता की मात्रा 95 प्रतिशत तक रहने के कारण लोगों को भीषण गर्मी का एहसास हुआ।

पटना में भी आज बारिश के आसार

पटना में शुक्रवार को एक-दो जगहों पर बारिश होने के साथ ही ठनका व बिजली गिरने के भी आसार हैं। राजधानी के अधिकतम तापमान में 0.2 और न्यूनतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। पटना का अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेकिन शहर में दिन का तापमान 37 डिग्री रहने और आर्द्रता की मात्रा 62 प्रतिशत रहने के कारण लोगों को भीषण गर्मी का एहसास हुआ।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.