MUZAFFARPUR

मुजफ्फरपुर में पति ने तकिया से मुंह दबा पत्नी को उतारा मौ’त के घाट, 6 माह पहले खिलाया था ज’हर

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर में तकिया से मुंह दबाकर पत्नी की हत्या करने का मामला सामने आया है। शव घर में छोड़कर आरोपी पति और उसके परिवार वाले फरार हो गए। घटना अहियापुर थाना के विजय छपरा की है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। मृतका के मायके वालों को छोटी बेटी(मृतका की छोटी बहन) से घटना की जानकारी मिली। आरोप है पहले भी आरोपी अपनी पत्नी को जहर देकर मारने की कोशिश कर चुका है।

सूचना मिलने पर पुलिस गांव में पहुंचकर जांच कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। एफएसएल से घटनास्थल की जांच कराई जा रही है। मायके वालों के बयान पर केस दर्ज करने की कवायद चल रही है। मृतका की मां बोचहां के हुसैनपुर निवासी शिव दुलारी देवी ने पुलिस को बताया कि अहियापुर के विजय छपरा निवासी बिरजू सहनी (30) से उसकी पुत्री सोनी (25) की शादी दस साल पहले हुई थी। वह दो बेटों की मां थी। बड़ा बेटा बलि 8 साल और छोटा बेटा मनीष 6 साल का है।

बताया कि घर खर्च के लिए रुपये मांगने को लेकर पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता था। इसको लेकर बिरजू अक्सर सोनी को मारता पीटता था। घर खर्च के लिए सोनी खुद भी मजदूरी करती थी। छह महीना पहले बिरजू ने सोनी को जहर खिला दिया था। उसे एसकेएमसीएच में भर्ती कराना पड़ा। हालांकि, इसकी शिकायत पुलिस से नहीं की गई थी। बीती रात भी विवाद हुआ तो बिरजू और उसके घर वालों ने सोनी से मारपीट की। फिर तकिया से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। शव को घर में चौकी पर छोड़कर सभी फरार हो गए।

सोनी की छोटी बहन रंगीला देवी की शादी भी इसी गांव में है। रंगीला ने पिता को कॉल कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन पहुंचे। अहियापुर थानाध्यक्ष रोहन कुमार ने बताया कि एक महिला का शव मिला है। परिजन दामाद और उसके घर वालों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। सभी आरोपित घर छोड़कर फरार हैं। आगे की कार्रवाई चल रही है। पुलिस ने कहा है कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.