बिहार : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 जुलाई को बिहार आने वाले हैं। मोतिहारी के गांधी मैदान में उनकी जनसभा होने वाली है। आयोजित कार्यक्रम को लेकर विशेष चौकसी बरती जा रही है। भारत-नेपाल बॉर्डर को गुरुवार से सील कर दिया गया है। इस दौरान सभी तरह के निजी व व्यावसायिक वाहन नहीं चलेंगे। आमलोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। प्रधानमंत्री सभा के बाद मोतिहारी में रोड शो करेंगे। पीएम के जाने के बाद हालात सामान्य होने के आसार हैं।

विशेष परिस्थितियों में पहचान-पत्र देखने के बाद सीमा पार जाने की इजाजत दी जा सकती है। सीमा पर सक्रिय सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में काम कर रही हैं। आने-जानेवालों की गहन जांच की जा रही है। एटीएस व स्पेशल ब्रांच की यूनिट को बुलाया गया है। इस बीच एसपीजी व पुलिस के आलाधिकारी मोतिहारी पहुंच चुके हैं। बुधवार को सेना के एक हेलिकॉप्टर ने कार्यक्रम स्थल सहित आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया।

17 जुलाई को पीएम के कार्यक्रम को लेकर मॉक ड्रिल किया जाएगा। जिले के सभी थानों को अलर्ट मोड में रखा गया है। कार्यक्रम स्थल गांधी मैदान सहित दो किमी की एरिया को एसपीजी ने सुरक्षा घेरे में ले लिया है। इन क्षेत्रों में डॉग स्क्वॉयड व बम निरोधक दस्ते से जांच कराई जा रही है। इसके अलावा हेलिपैड, परिसदन आदि जगहों पर जवानों की तैनाती कर दी गई है। पूर्व मध्य रेलवे के जीएम छत्रसाल सिंह बुधवार को बापूधाम रेलवे स्टेशन पहुंचे। स्पेशल ट्रेन से दोपहर एक बजे पहुंचे।


जीएम के साथ समस्तीपुर डीआरएम विनय श्रीवास्तव व अन्य रेल अधिकारी भी मौजूद थे। जीएम स्टेशन से सीधे गांधी मैदान गए। माना जा रहा है कि गांधी मैदान से पीएम बिहार को कई रेल परियोजनाओं की सौगात देंगे। पीएम के मोतिहारी दौरे को लेकर तैयारी अंतिम दौर में चल रही है। गांधी मैदान और आस पास के इलाके में चप्पे को सैनेटाइज किया गया है। बीजेपी के साथ जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दिया है।







Leave a Reply