MUZAFFARPUR

पूर्व बैंक प्रबंधक और स्कूल संचालक के फ्लैट से 10 लाख की संपत्ति चोरी; CCTV में कैद हुई वारदात

पटना जिले के दानापुर अनुमंडल अंतर्गत रूपसपुर थाना क्षेत्र के अभियंता नगर स्थित गीतांजलि विहार अपार्टमेंट में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। अपार्टमेंट में रहने वाले एक रिटायर्ड बैंक मैनेजर और एक स्कूल संचालक के बंद फ्लैट का ताला तोड़कर चोरों ने करीब दस लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना के दौरान तीन नकाबपोश चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं, जो हथियार लेकर अपार्टमेंट की सीढ़ियों से चढ़ते और फ्लैट के अंदर प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं।

एक नहीं, दो फ्लैटों को बनाया निशाना
चोरी की यह वारदात फ्लैट नंबर 102 और 202 में अंजाम दी गई। फ्लैट नंबर 102 में बैंक ऑफ इंडिया के सेवानिवृत्त प्रबंधक भूपेश कुमार सिन्हा अपने परिवार के साथ रहते हैं, जबकि फ्लैट नंबर 202 स्कूल संचालक राहुल कुमार का है। जानकारी के अनुसार, भूपेश कुमार सिन्हा अपनी पत्नी की तबीयत खराब होने के कारण करीब 10 दिन पहले अपने पैतृक गांव बेगूसराय चले गए थे और फ्लैट बंद था। वहीं, राहुल कुमार अपने परिवार सहित दिल्ली गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सुनसान अपार्टमेंट का फायदा उठाते हुए दोनों फ्लैटों को निशाना बना डाला।

चोरी से पहले फ्लोर के दरवाजों को किया बंद
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चोर पूरी योजना बनाकर आए थे। उन्होंने घटना को अंजाम देने से पहले संबंधित फ्लोर के अन्य फ्लैटों की कुंडी बाहर से बंद कर दी थी, जिससे कोई बाहर न निकल सके और वे आराम से चोरी कर सकें। इसके बाद उन्होंने दरवाजे के लॉक तोड़े और एक-एक कमरे को पूरी तरह खंगाल डाला। गोदरेज सेफ, अलमारी, बक्से सभी तोड़े गए और जेवरात से लेकर कीमती सामान तक चुरा लिए गए।

दस लाख की संपत्ति की गई चोरी
फ्लैट नंबर 202 के मालिक राहुल कुमार की अनुपस्थिति में जब घटना की सूचना उनकी पत्नी प्रीति कुमारी को दी गई, तो उन्होंने अपने परिजनों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे उनके ससुर ने बताया कि चोर तीनों कमरों को खंगाल कर लाखों के जेवरात और सामान ले गए हैं। उन्होंने बताया कि गोदरेज सेफ में लगभग दस लाख की ज्वेलरी और अन्य महंगे सामान थे, जो अब गायब हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.