BEGUSARAICelebritiesEntertainmentMUZAFFARPUR

भोजपुरी स्टार अक्षरा सिंह ने इस मामले में किया कोर्ट में आत्मसमर्पण, स्टेज से कोर्ट तक का सफर

बेगूसराय : भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की चहेती गायिका एवं अभिनेत्री अक्षरा सिंह इन दिनों सिने पर्दे से ज्यादा कानूनी पटल पर सुर्खियों में हैं। मंगलवार को बेगूसराय जिला न्यायालय में उस वक्त गहमा-गहमी का माहौल बन गया जब अक्षरा सिंह ने न्यायिक दंडाधिकारी ओम प्रकाश की अदालत में आत्मसमर्पण किया। कोर्ट परिसर में अक्षरा सिंह की एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, परंतु कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्होंने न्यायालय में सरेंडर कर जमानत याचिका दाखिल की।

जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायालय ने अक्षरा सिंह को भारतीय दंड संहिता की धारा 406 (आपराधिक विश्वासघात) और 427 (आपराधिक क्षति) में आरोपित मानते हुए ₹10,000 के निजी मुचलके पर रिहा करने का आदेश दिया।

पूरा मामला लोकगायक शिवेश मिश्रा की ओर से दर्ज परिवाद पत्र संख्या 2006/2023 से जुड़ा है। आरोप है कि शिवेश मिश्रा ने समस्तीपुर में 24 अक्टूबर 2023 की रात एक कार्यक्रम आयोजित किया था, जिसके लिए अक्षरा सिंह को 5 लाख 51 हजार रुपये में दो घंटे की प्रस्तुति के लिए अनुबंधित किया गया था। लेकिन अक्षरा सिंह समय से ढाई घंटे देर से पहुँचीं, और महज आधा घंटा गाने के बाद माइक तोड़ते हुए कार्यक्रम छोड़कर चली गईं।

शिवेश मिश्रा का कहना है कि उन्होंने कई बार विनती की कि वे रुक जाएं, क्योंकि आयोजक पैसे दे चुका था और माहौल तनावपूर्ण हो सकता था। लेकिन अक्षरा सिंह बिना कार्यक्रम पूरा किए चली गईं और अब तक दी गई राशि भी नहीं लौटाई।

इस पूरे प्रकरण में पहले अक्षरा सिंह ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अग्रिम जमानत की अर्जी दी थी, जिसे अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अष्टम ने स्वीकृत कर लिया था। उसी आदेश के तहत अक्षरा सिंह ने आज न्यायालय में हाजिर होकर कानूनी प्रक्रिया का पालन किया। अब अगली सुनवाई में यह तय होगा कि भोजपुरी मंच की यह नायिका अदालत के कटघरे से कैसे बाहर निकलती हैं, और क्या यह मामला सुलह की राह पकड़ता है या लंबी कानूनी लड़ाई का रूप लेता है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.