पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज 15 जुलाई 2025 को मुख्य सचिवालय के कैबिनेट हॉल में सुबह 10:30 बजे से एक बार फिर कैबिनेट बैठक आयोजित की है. इस बैठक में कई महत्वपूर्ण एजेंडों पर चर्चा और मुहर लग सकती है. इसके अलावा कौशल विश्वविद्यालय बनाने की घोषणा के बाद सीएम उस पर स्वीकृति भी दे सकते हैं.

हर मंगलवार को होती है कैबिनेट बैठक
बता दें कि सीएम नीतीश कुमार अब हर मंगलवार को कैबिनेट की बैठक करने लगे हैं. पिछले सप्ताह 43 एजेंडों पर मुहर लगी थी. नीतीश सरकार ने बिहार में एक अध्यक्ष और दो उपाध्यक्ष के साथ 10 सदस्यीय युवा आयोग बनाने का भी बड़ा फैसला लिया था.

इन एजेंडों पर लग चुकी मुहर
इसके अलावा मानसून और सूखे की स्थिति को लेकर सरकार ने कैबिनेट में डीजल अनुदान के लिए 100 करोड़ रुपए की भी स्वीकृति दी थी. बिहार शहरी गैस वितरण पॉलिसी 2025 पर भी कैबिनेट ने स्वीकृति दी थी.

सिर्फ बिहार की महिलाओं को आरक्षण का मिलेगा लाभ
रिन्यूएबल एनर्जी को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया था. सरकारी नौकरी में बिहार की महिलाओं को 35% आरक्षण में डोमिसाइल नीति लागू करने का भी बड़ा फैसला लिया गया था. पहले बाहर की महिलाओं को भी 35% आरक्षण में लाभ मिलता था, लेकिन अब सरकार के फैसले से केवल बिहार की महिलाओं को 35% आरक्षण का लाभ मिलेगा.

नौकरी-रोजगार पर रहेंगी सबकी नजर
अब एक बार फिर से कैबिनेट में कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं. विशेष कर नौकरी और रोजगार को लेकर सब की नजर रहेगी, क्योंकि विधानसभा चुनाव से पहले नीतीश कुमार ने 12 लाख नौकरी देने का वादा किया है.

नीतीश सरकार नौकरी को लेकर ले सकती है फैसला
10 लाख नौकरी दी जा चुकी हैं. 2 लाख के करीब अभी भी नौकरी शेष बची हैं और विधानसभा चुनाव में अब 3 महीने ही रह गए हैं. ऐसे में सरकार बचे हुए 2 लाख के करीब नौकरी को लेकर फैसला भी ले सकती है.

सामाजिक सुरक्षा योजना की भी बढ़ी राशि
बता दें कि इससे पहले सीएम नीतीश कुमार ने सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत विधवा महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगों को मिलने वाली राशि को 400 से 1100 कर दिया है. साथ ही बिहार के कलाकारों को हर महीना 3000 रुपए देने का भी फैसला लिया है.





Leave a Reply