MUZAFFARPUR

सावन की पहली सोमवारी पर शिवभक्तों में उत्साह, सुल्तानगंज से जल लेकर देवघर के लिए रवाना

पटना: 11 जुलाई से सावन की शुरुआत हो चुकी है. श्रद्धालु सुल्तानगंज से जल लेकर बाबा धाम कावड़ यात्रा पर निकल चुके हैं. 14 जुलाई सावन का पहला सोमवार को सुल्तानगंज में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी. सुल्तानगंज गंगा किनारे से जल भरकर श्रद्धालु उत्साह के साथ देवघर के लिए प्रस्थान कर रहे हैं. सावन की पहली सोमवारी को बिहार के तमाम शिवालयों में हर-हर महादेव की गूंज सुनाई दे रही है. वैशाली के हरिहर नाथ मंदिर, मुजफ्फरपुर के गरीबनाथ मंदिरों में सोमवार को सुबह से ही महादेव का जलाभिषेक के लिए भक्त पहुंच रहे हैं.

पटना के धनरूआ में बुढ़वा महादेव का जलाभिषेक

पटना के धनरूआ स्थित बुढ़वा महादेव स्थान में छह फीट का शिवलिंग हैं. सावन की पहली सोमवारी को श्रद्धालुओं ने शिवजी को जलाभिषेक किया. बुढ़वा महादेव स्थान के अलावे रामनाथेश्वर स्थित शिवमंदिर से लेकर श्रीरामजानकी ठाकुरवाड़ी मंदिर समेत सभी शिवालयों में भक्तों का तांता लगा रहा. बुढ़वा महादेव का इतिहास काफी पुराना है.

कहा जाता है कि खुदाई के दौरान यह 5 फीट का शिवलिंग प्राप्त हुआ था. इसमें माता गौरी और भगवान शिव की आकृति थी. इस मंदिर के पुजारी दयाशंकर पांडे की माने तो महादेव यहां खुद से अवतरित हुए हैं. पहले शिवलिंग का मुख पूरब दिशा में था. एक श्रद्धालु आया और कहा कि आप अपनी शक्ति दिखाएं. आप पूरब से पश्चिम हो जाईये तो मैं अपनी जीभ काटकर चढ़ा दूंगा. तब से शिवलिंग का मुख पश्चिम दिशा में हो गया.

सुल्तानगंज से 2 लाख कावरियों ने उठाया जल

सावन की पहली सोमवारी को लेकर श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखा जा रहा है. अजगैबीनाथ धाम सुल्तानगंज में उत्तरवाहिनी गंगा तट पर श्रद्धालु गंगा स्नान कर कांवड़ में जल भरकर बैधनाथ धाम रवाना हो रहे हैं. कई राज्यों से आये श्रद्धालुओं की टोली गंगा में आस्था की पवित्र डुबकी लगा रहे हैं.

कांवडियों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने गोताखोर, नाविक और एसडीआरएफ टीम की तैनाती की है. आज 2 लाख से ज्यादा कांवड़ियों के जल उठाने का अनुमान है. अबतक सवा लाख से ज्यादा कांवरिया बैद्यनाथ धाम पैदल यात्रा पर निकले हैं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.