MUZAFFARPUR

यूट्यूबर मनीष कश्यप ने BJP छोड़कर जन सुराज का दामन थामा, प्रशांत किशोर ने दिलाई सदस्यता

पटना: बिहार के चर्चित यूट्यूबर और भारतीय जनता पार्टी के पूर्व नेता मनीष कश्यप को आज नया सियासी ठिकाना मिल गया है. उन्होंने प्रशांत किशोर की मौजूदगी में जन सुराज पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है. इस दौरान पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज भारती और वरिष्ठ नेता वाईवी गिरी भी मौजूद थे. चर्चा है कि मनीष बिहार विधानसभा का चुनाव भी लड़ सकते हैं.

प्रशांत किशोर ने दिलाई सदस्यता

पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराने के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि मनीष कश्यप को हम एक यूट्यूबर के रूप में नहीं जानते हैं और ना ही बीजेपी नेता के रूप में जानते हैं. उन्होंने कहा कि उनकी नजर में मनीष कश्यप ऐसा युवा है, जो बिहार के खराब सिस्टम को लेकर लगातार लड़ाई लड़ता रहा है. आम जनता की समस्याओं को इन्होंने उठाने का काम किया है. पीके ने कहा कि जन सुराज वैसे लोगों की पार्टी है, जो बिहार को आगे बढ़ाना चाहता है. बिहार में बदलाव लाना चाहता है.

क्या बोले मनीष कश्यप?

वहीं, ज्वाइनिंग के बाद मनीष कश्यप ने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी में 13 महीने तक रहे लेकिन अब उन्होंने प्रशांत किशोर के साथ चलने का फैसला किया है. मनीष ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जन सुराज पार्टी बड़ी ताकत बनकर उभरेगी. उन्होंने कहा कि इस बार का चुनाव बिहार के भाग्य का चुनाव होगा. कानून-व्यवस्था को लेकर भी पूर्व बीजेपी नेता ने गंभीर सवाल उठाए हैं.

विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे मनीष कश्यप?

वहीं, मनीष कश्यप को लेकर चर्चा है कि वह जन सुराज पार्टी के सिंबल पर बिहार विधानसभा का चुनाव भी लड़ सकते हैं. वैसे 2020 में वह निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर पश्चिम चंपारण के चनपटिया सीट से विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं. बीजेपी के उमाशंकर सिंह को जीत मिली थी, मनीष तीसरे स्थान पर रहे थे.

मनीष ने क्यों छोड़ी बीजेपी?
यूट्यूबर मनीष कश्यप ने लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान 25 अप्रैल को सांसद मनोज तिवारी की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन की थी. बाद में जेपी नड्डा से भी उनकी मुलाकात हुई थी. तब से वह लगातार बीजेपी के लिए काम कर रहे थे लेकिन इसी बीच 19 मई 2025 को पीएमसीएच में उनके साथ मारपीट की घटना हुई. किसी भी बीजेपी नेता से मदद नहीं मिलने से नाराज होकर उन्होंने 8 जून 2025 को इस्तीफा दे दिया.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.