BIHARSTATE

बिहार में मुहर्रम जुलूस में नजर आया फिलिस्तीन का झंडा! SP ने दिया जांच के आदेश

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तुर्की खरारू गांव में मुहर्रम के जुलूस के दौरान कुछ युवकों ने फिलिस्तीन का झंडा लहराया है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ युवकों ने पारंपरिक हथियारों के साथ-साथ डमी हथियार भी लहराए, जिससे तनाव पैदा हो गया.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, उठे सवाल

घटना का वीडियो रिकॉर्ड होने के बाद यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. जिसमें एक युवक फिलिस्तीन का झंडा लहरा रहा है, जबकि अन्य लोग डीजे की धुन पर हथियारों के साथ प्रदर्शन कर रहे हैं. जैसे ही युवक ने कैमरे को देखा, वह झंडा छिपाकर भीड़ में गायब हो गया.

स्थानीय लोगों में नाराजगी

तुर्की खरारू गांव के निवासियों ने इस घटना पर नाराजगी जताई है. उनके अनुसार, मुहर्रम का जुलूस शांति और भाईचारे का प्रतीक है, जिसमें पारंपरिक रूप से ताजिया और मातमी गीतों का आयोजन होता है. लेकिन इस बार विदेशी झंडा और हथियारों का प्रदर्शन परंपराओं के खिलाफ था.

एसपी ने दिए जांच के आदेश

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर के ग्रामीण एसपी राजेश कुमार प्रभाकर ने त्वरित कार्रवाई की है. उन्होंने मामले की जांच की जिम्मेदारी एडिशनल एसपी को सौंपी है. ग्रामीण एसपी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और संदिग्ध युवकों की पहचान की जा रही है.

मुहर्रम जुलूस में नियमों का उल्लंघन

मुहर्रम के जुलूसों के लिए जिला प्रशासन द्वारा सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए थे. इसमें धारदार हथियारों, डीजे, और उत्तेजक गानों पर प्रतिबंध शामिल था. इसके बावजूद, तुर्की खरारू गांव में डीजे की तेज धुनों और हथियारों का प्रदर्शन किया गया, जो प्रशासनिक नियमों का उल्लंघन है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.