पटना: बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं. बेखौफ बदमाश लगातार पटना में तांडव मचा रहे हैं.

बिहार के जाने-माने बिजनेसमैन गोपाल खेमका की हत्या की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं है कि अपराधियों ने एक और बड़ी घटना को अंजाम दे डाला. रविवार को स्कूल संचालक अजीत कुमार (50 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी गई.

स्कूल संचालक की गोली मारकर हत्या
एक और हत्या के बाद राजधानी में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पटना सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि दानापुर के खगौल थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर के रहने वाले और लेखनगर में स्कूल चलाने वाले अजीत कुमार की रविवार की देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई है.

पहले से घात लगाकर मर्डर
घटना के बारे में बताया जाता है कि पहले से घात लगाए अपराधियों ने स्कूटी पर सवार होकर जा रहे संचालक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. यह घटना डीएवी पब्लिक स्कूल के पास हुई है, जब अजीत कुमार लेखानगर से अपने घर मुस्तफापुर लौट रहे थे. तभी घटना को अंजाम दिया गया.

खंगाले जा रहे आस-पास के सीसीटीवी कैमरा
वहीं हमले के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए. घटनास्थल से एक खोखा बरामद हुआ है. पटना सिटी एसपी वेस्ट भानू प्रताप सिंह ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. हत्या के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.

गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या: दो दिन पहले बिहार के बड़े कारोबारी की पटना में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. गोपाल खेमका को उनके अपार्टमेंट के बाहर गोली मारी गई थी.

खेमका कार पर सवार थे. बाइक सवार ने सर पर सटाकर गोली मारी थी और फरार हो गया. घटना के बाद नीतीश कुमार ने पुलिस के आलाधिकारियों के साथ बैठक की थी, लेकिन उसके बाद भी हत्याओं का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है.




Leave a Reply