MUZAFFARPUR

यूपी का फर्जी टीटीई बिहार में गिरफ्तार, ट्रेन में यात्रियों को परोस रहा था विदेशी शराब

पटना: पटना रेल पुलिस लगातार अपराध नियंत्रण और शराब तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है. इसी कड़ी में विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पंजाब मेल एक्सप्रेस से भारी मात्रा में विदेशी शराब, 18,000 रुपए कैश, एक काले रंग का कोट और दो नंबर प्लेट बरामद हुए हैं. साथ ही एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है जो खुद को टिकट चेकिंग अधिकारी (टीटीई) बताकर शराब की तस्करी कर रहा था.

पंजाब मेल में सफर कर रहा था तस्कर

दरअसल रेल पुलिस की टीम ने पंजाब मेल एक्सप्रेस के एसी कोच में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा जो एक ट्रॉली बैग लेकर यात्रा कर रहा था. ऐसे में जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने खुद को टीटीई बताया. हालांकि उसके व्यवहार में संदेह होने पर पुलिस ने उसके सामान की जांच की.

भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद

सामान में रेलवे का आईडी कार्ड और बड़ी मात्रा में विदेशी शराब मिली. इसके बाद जैसे ही पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, वह भागने की कोशिश करने लगा. पुलिस ने खदेड़ कर उसे धर दबोचा. आरोपी ने अपना नाम रजनीकांत यादव निवासी गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) बताया है.

फर्जी टीटीई बनकर शराब तस्करी

पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से खुद को टीटीई बताकर ट्रेनों में शराब की तस्करी कर रहा था. वह काले रंग का कोट पहनकर और नकली आईडी कार्ड दिखाकर यात्रियों और रेलवे कर्मियों को गुमराह करता था, लेकिन इस बार वो पुलिस के हत्थे चढ़ गया.

कई तस्कर चढ़ चुके हैं पुलिस के हत्थे

पटना रेल पुलिस ने शराब तस्करों और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तेज कर दी है. इससे पहले भी कई मामलों में अवैध शराब और नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों के सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है.

अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस: आरोपी रजनीकांत यादव के खिलाफ रेलवे एक्ट और शराब तस्करी से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.

पुलिस उसके संपर्क में रहे अन्य सहयोगियों की तलाश कर रही है, क्योंकि संभावना जताई जा रही है कि यह कोई बड़ा गिरोह हो सकता है, जो नकली रेलवे कर्मियों की वर्दी और आईडी का इस्तेमाल कर अवैध कारोबार करता है.

 

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.