BIHARPATNASTATE

आग बबूला हुए अश्विनी चौबे, मंच पर नहीं मिली कुर्सी तो तमतमाकर चले गए!

पटना : कहते हैं राजनेता को अगर उचित स्थान नहीं मिले तो वह काफी गुस्सा जाते हैं. इसका उदाहरण बुधवार को पटना में देखने को मिला. पूर्व केन्द्रीय मंत्री अश्विनी चौबे को जब मनमाफिक स्थान नहीं मिला तो वह मीटिंग में भाग लेने से पहले ही रवाना हो गए.

क्या हुआ अश्विनी चौबे के साथ..?

कहा जा रहा है कि भाजपा प्रदेश कार्य समिति की बैठक में हिस्सा लेने अश्विनी चौबे ज्ञान भवन पहुंचे थे. हॉल में दाखिल भी हुए, पर बैठक शुरू होने से पहले वह वापस लौट गए.

अश्वनी चौबे नहीं हुए बैठक में शामिल 

बताया जा रहा है कि मंच पर अश्विनी चौबे के लिए जगह नहीं थी. इस वजह से वह बैठक में शामिल नहीं हुए. अश्वनी चौबे ने बाहर निकलते वक्त कहा कि, ”व्यक्तिगत कार्य से मैं अभी जा रहा हूं. बाद में आने की कोशिश करूंगा.” इसके बाद ही कहा जाने लगा कि गुस्से में लाल होकर अश्विनी चौबे मीटिंग छोड़कर चले गए.

BJP प्रदेश कार्य समिति की बैठक 

यहां यह बताना भी जरूरी है कि मंच पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, गिरिराज सिंह, दोनों उपमुख्यमंत्री, वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष के अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष को जगह मिली है. दरअसल भाजपा प्रदेश कार्य समिति की बैठक पटना के ज्ञान भवन में चल रही है.

तमाम बड़े नेता हो रहे शामिल 

प्रदेश भर से आए तमाम कार्यकर्ता मौजूद हैं. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ठीक 12:00 बजे ज्ञान भवन में दाखिल हुए और बैठक शुरू हुई. तमाम सांसद, विधायक और विधान पार्षद बैठक में हिस्सा ले रहे हैं. भाजपा कोटे के केंद्रीय मंत्री भी बैठक में शिरकत कर रहे हैं.

राजनाथ दे रहे हैं जीत का मंत्र 

विधानसभा चुनाव के ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी यह महत्वपूर्ण बैठक कर रही है. दिनभर चलने वाली बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है. केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं के अंदर उत्साह भरने की कोशिश कर रहे हैं.

राजनाथ सिंह ने ज्ञान भवन पहुंचे लोगों का अभिवादन किया. रक्षा मंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया.

पार्टी की बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का अभिनंदन किया.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.