MUZAFFARPUR

मुजफ्फरपुर नगर आयुक्त ने नगर निगम क्षेत्र में नगरीय अवसंरचना एवं जल निकासी व्यवस्था का लिया जायजा

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर नगर निगम क्षेत्र में नगरीय अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण एवं जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से आज नगर आयुक्त विक्रम विरकर, भा.प्र.से. के द्वारा फरदो नाले का निरीक्षण नौका के माध्यम से किया गया।

इस निरीक्षण अभियान में अजय ओझा, माननीय वार्ड पार्षद, वार्ड संख्या 27, विष्णु प्रभाकर लाल, नगर प्रबंधक, कमल किशोर तथा अजय कुमार, सफाई प्रभारी एवं पंकज कुमार, अंचल निरीक्षक,

अंचल संख्या 07 शामिल रहे। यह निरीक्षण विशेष रूप से उस स्थिति का अवलोकन करने के लिए किया गया, जो नाले के अंदर से स्पष्ट रूप से सतह पर खड़े होकर देखे जाने में संभव नहीं होता।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नाले की वास्तविक स्थिति का भौतिक मूल्यांकन करना, उसमें जमे हुए कचरे, गाद, अवरोधक अंशों की पहचान करना एवं भविष्य में होने वाली जलजमाव की समस्या को ससमय दूर करना है।

नगर आयुक्त द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि नाले की नियमित सफाई, गाद निकासी एवं उसमें बह रहे घरेलू अपशिष्ट की निगरानी हेतु विशेष अभियान की आवश्यकता है।

उन्होंने इस निरीक्षण के दौरान उपस्थित अभियंताओं एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नाले के किनारे स्थित मकानों से सीधे छोड़े जा रहे अपशिष्ट जल को रोका जाए तथा वैकल्पिक व्यवस्था के अंतर्गत उन्हें नगर निगम की स्वीकृत पाइपलाइन से जोड़ा जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे सभी बिंदुओं को चिह्नित किया जाए जहां से घरेलू अपशिष्ट सीधे नाले में गिर रहा है एवं उन पर अविलंब कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

नौका द्वारा निरीक्षण का यह निर्णय इसलिए लिया गया क्योंकि कई स्थानों पर नाले की गहराई अधिक होने तथा उसके किनारों तक पहुँचने में बाधा उत्पन्न होने से स्थलीय निरीक्षण सीमित हो जाता है।

निरीक्षण के क्रम में कई स्थानों पर बड़ी मात्रा में प्लास्टिक, घरेलू कचरा एवं ठोस अपशिष्ट पदार्थ जमा पाए गए, जिससे जल निकासी की क्षमता प्रभावित हो रही थी।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नगर निगम द्वारा अब नियमित अंतराल पर ऐसे निरीक्षण किए जाएंगे ताकि मानसून से पूर्व सभी जल निकासी मार्गों की सफाई एवं मरम्मति कार्य पूर्ण हो सके।

नगर आयुक्त द्वारा आमजन से भी अपील की कि वे नालों में कचरा न डालें एवं स्वच्छता के प्रति सजग रहते हुए नगर निगम के प्रयासों में सहभागी बनें। श्री विरकर ने यह भी बताया कि नगर निगम अब आधुनिक तकनीक के माध्यम से नालों की निगरानी करने के विकल्पों पर विचार कर रहा है, जिससे समय-समय पर वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके एवं समस्याओं के समाधान में तत्परता लाई जा सके।

नगर निगम टीम द्वारा निरीक्षण के दौरान प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गयी है, जिससे नालों की मरम्मत, सफाई तथा अवरुद्ध मार्गों की पुनः सक्रियता सुनिश्चित की जायेगी।

इस संपूर्ण पहल का मकसद फरदो नाले की प्रभावी सफाई के माध्यम से शहरी क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त कर शहरवासियों को जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत प्रदान करना है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.