MUZAFFARPUR

शहीद जवान सिकंदर राउत के घर पहुंचे तेजस्वी यादव, श्रद्धांजलि देने सहित सरकार से की ये तीन अहम मांग

नालंदा: बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सोमवार को नालंदा जिले के बिंद प्रखंड स्थित उतरथू गांव पहुंचे, जहां उन्होंने हाल ही में शहीद हुए सेना के जवान सिकंदर राउत को श्रद्धांजलि दी.

तेजस्वी ने उनके परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना प्रकट की. उन्होंने कहा, “यह सिर्फ एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे देश की क्षति है.”

तेजस्वी ने निभाया वादा

तेजस्वी यादव ने बताया कि जब उन्हें सिकंदर राउत की शहादत की खबर मिली, तब उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए जवान की पत्नी से बात कर मिलने का वादा किया था. उन्होंने कहा, आज वो उसी वादे को निभाने यहां आए हैं. उन्होंने शहीद के परिवार को पार्टी की ओर से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की है.

सरकार से मदद में देरी पर उठाए सवाल

तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार से आग्रह किया कि मुख्यमंत्री द्वारा घोषित 50 लाख रुपये की अनुग्रह राशि जल्द जारी की जाए. उन्होंने यह भी बताया कि अब तक शहीद को आधिकारिक रूप से ‘शहीद’ का दर्जा नहीं मिला है. उन्होंने पूछा कि जब कैबिनेट से सहायता स्वीकृत हो चुकी है, तो राशि अब तक क्यों नहीं दी गई?

तेजस्वी ने की ये तीन अहम मांग

तेजस्वी ने राज्य सरकार से यह मांग भी की कि शहीद के बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था की जाए और परिवार के किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए. उन्होंने कहा कि सरकार को इस परिवार की पूरी जिम्मेदारी लेनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई आर्थिक कठिनाई न हो.

शहीद का दर्जा देने की केंद्र से अपील

आगे तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार से यह अपील की कि ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले जवानों को आधिकारिक रूप से “शहीद” का दर्जा देने की नीति बनाई जाए.

उन्होंने कहा कि यह सैनिकों के सम्मान और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा देने के लिए आवश्यक है. उन्होंने मुख्यमंत्री और गृहमंत्री को इस संदर्भ में पत्र लिखने की बात भी कही है.

 

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.