MUZAFFARPUR

‘नहीं मिल रहा खाना..’ सऊदी में फंसे बिहार-यूपी के 300 मजदूर, पीएम मोदी और सीएम नीतीश से मदद की गुहार

गोपालगंज: जिले के अलग-अलग जगहों से सऊदी अरब में कमाने गए दो दर्जन से अधिक लोग करीब सात-आठ महीने से वहीं फंसे हुए हैं. इन लोगों को न तो बकाया पैसा कंपनी द्वारा दिया जा रहा है और ना हीं ठीक से खाना मिल पा रहा है. इसके अलावा कंपनी उन्हें अपने वतन लौटने भी नहीं दे रही है.

सऊदी में फंसे बिहार-यूपी और बंगाल के मजदूर

आठ महीने से वतन लौटने के लिए परेशान मजदूरों ने देश के पीएम और सूबे के सीएम से वतन वापस बुलाने की गुहार लगाई है. वहीं थावे प्रखंड के पाखोपली गांव निवासी फंसे मजदूरों के परिजनो ने स्थानीय सांसद व डीएम को आवेदन देकर सकुशल वापसी कराने की मांग की है.

नहीं मिल रहा वेतन और भोजन

इस संदर्भ में बताया जाता है कि सऊदी अरब में सेंडन इंटरनेशनल कंपनी लिमिटेड में बिहार व यूपी के 300 से अधिक श्रमिक काम कर रहे हैं. पिछले आठ महीने पहले से काम कर रहे इन मजदूरों को वेतन तक नहीं मिल रहा है. साथ ही भोजन का भी संकट है.

वीडियो जारी कर मदद की गुहार

कई मजदूरों ने बताया कि कंपनी पिछले आठ महीने से पैसा नहीं दे रही है और न ही पेट भरने के लिए उपयुक्त भोजन ही दे रही है. इधर कई दिनों से भोजन भी बंद कर देने का आरोप लगाया है. श्रमिकों द्वारा एक वीडियो शेयर कर कहा, गया है कि भारतीय दूतावास से भी मदद नहीं मिल पा रही है.

गोपालगंज और सिवान के मजदूर भी शामिल

सऊदी अरब में गोपालगंज, सिवान के साथ ही बिहार व उत्तर प्रदेश के 300 से अधिक श्रमिक फंसे हुए हैं. इनमें गोपालगंज, सिवान, छपरा के 50 से अधिक मजदूर हैं. साथ ही अन्य जिलों के मजदूर भी शामिल हैं. श्रमिकों का आरोप है कि कंपनी ने पिछले 8 माह से उन्हें वेतन और ठीक से भोजन नहीं दिया है.

भारतीय दूतावास से भी किया संपर्क

इतना ही नहीं, उन्हें घर लौटने की भी अनुमति नहीं दी जा रही है. अब इन मजदूरों ने वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से वतन वापसी की अपील की है.

सऊदी अरब में श्रमिकों ने वीडियो भेजकर सरकार प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है. जानकारी के अनुसार, इन श्रमिकों ने भारतीय दूतावास से भी मेल व फोन के माध्यम से कई बार संपर्क किया है, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है.

‘जल्द मदद नहीं मिली तो..’

मजदूरों का कहना है कि अगर जल्द मदद नहीं मिली तो उनकी स्थिति और खराब हो सकती है. बता दें कि सेंडन इंटरनेशनल एक निर्माण व सम्बंधित संबद्ध सेवाओं की कंपनी है,जो तेल, गैस,उर्वरक,बिजली व परिवहन जैसे क्षेत्रों में काम करती है. कंपनी की स्थापना 1994 में हुई थी और इसका मुख्यालय यानबू,सऊदी अरब में है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.