भागलपुर जिला के जीरोमाइल क्षेत्र में मंगलम हॉस्पिटल के सामने भीषण अग्निकांड में कई फूस के घर जलकर राख हो गए। घरों में रखे लाखों रुपये के सामान भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गए।

घटना की सूचना सबसे पहले 112 नंबर टीम के एएसआई मुकेश कुमार को दी गई। सूचना मिलते ही 112 पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचित किया। अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियाँ घटनास्थल पर पहुँचकर आग बुझाने की मशक्कत में जुट गईं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, खाना बनाने के दौरान सिलेंडर से गैस रिसाव के चलते आग लगी, जो तेजी से फैलते हुए आसपास के अन्य फूस के घरों तक पहुँच गई। देखते ही देखते कई घर आग की लपटों में घिर गए और सारा सामान जलकर खाक हो गया।

अग्निशमन अधिकारी बास्की राय ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए छह टीमें लगाई गई थीं और स्थिति अब लगभग नियंत्रण में है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

घटना के चलते सड़क के दोनों ओर भारी जाम लग गया था, जिसे प्रशासन की तत्परता से धीरे-धीरे हटाया गया। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी, जिसे नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।





Comment here