MUZAFFARPUR

बिहार के 7 जिलों में भयंकर बारिश की चेतावनी, तेज आंधी का अलर्ट

पटना: बिहार में पिछले कई दिनों से लगातार तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. राज्य के अधिकांश जिलों में तेज धूप, तपिश और लू का प्रकोप लोगों को बेहाल कर रहा है. हालांकि मौसम विभाग के अनुसार लोगों को जल्द गर्मी से राहत मिलने वाली है. बिहार के 7 जिलों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है.

तेज हवा और बारिश की संभावना

पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया है कि पूर्वी हवाओं की सक्रियता और अन्य मौसमी कारणों से वायुमंडल में नमी की मात्रा बढ़ रही है. इसके परिणामस्वरूप 26 से 30 अप्रैल के बीच राज्य के कई जिलों में बारिश, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है.

इन जिलों में झमाझम बारिश का अलर्ट

वहीं राहत की खबर यह है कि 26 अप्रैल को अररिया, पूर्वी चंपारण, शिवहर, किशनगंज, मधुबनी, सुपौल, सीतामढ़ी में आंधी-पानी के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. आगामी दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट आने का अनुमान है. इससे लोगों को कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है, खासकर रात के समय तापमान में ठंडक महसूस हो सकती है.

किसानों को अलर्ट रहने की सलाह

इस संभावित मौसम परिवर्तन को देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. खुले में रखी फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखने और खेतों में काम करते समय सतर्क रहने की चेतावनी जारी की गई है. कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी आशंका है, जिससे रबी फसल को नुकसान हो सकता है.

लू और हीट वेव से राहत नहीं अभी

हालांकि शुक्रवार को भी गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है. राज्य के विभिन्न हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है. इन दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री तक बढ़ सकता है. दक्षिण बिहार के गया, औरंगाबाद, डेहरी, बक्सर, भोजपुर, पटना और नालंदा जैसे जिलों में लू और हीट वेव का असर बना रहेगा.

उत्तर बिहार में भी तेज गर्मी की आशंका

उत्तर बिहार के जिलों—गोपालगंज, मोतिहारी, पश्चिम चंपारण, सारण, सीवान, दरभंगा, शिवहर और मुजफ्फरपुर में भी अगले 48 घंटों के दौरान तापमान में हल्की बढ़ोतरी का अनुमान है. इन इलाकों में भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनी रह सकती है, जिससे स्थानीय लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी.

गया में सबसे अधिक तापमान दर्ज

गुरुवार को राज्य के 15 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड किया गया. गया में लगातार तीसरे दिन सबसे अधिक 42.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. डेहरी और बक्सर में 42.2 डिग्री, जबकि पटना में 41.4 डिग्री तापमान रहा.

मोतिहारी में 41.8 डिग्री और सुपौल में 40.01 डिग्री तापमान के साथ हीट वेव का अलर्ट भी जारी किया गया था. वहीं किशनगंज इस मुकाबले ठंडा रहा, जहां तापमान 34.02 डिग्री दर्ज किया गया.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.