MUZAFFARPUR

‘मोदी जी आतंकियों को कब सबक सिखाइयेगा?’, पप्पू यादव का आरोप- 12 सालों में 46 बार हो चुके हैं हमले

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से देश गुस्से में है. लोग केंद्र सरकार से आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मधुबनी की सभा में कहा कि आतंकियों को मिट्टी में मिलाने का समय आ गया है. वहीं, पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने पीएम मोदी से पूछा है कि केवल भाषण ही देंगे या कोई कड़ा एक्शन भी लेंगे?

’12 सालों में 46 बार हो चुके हैं हमले’: पूर्णिया में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि देश पर हमला हो या देश खत्म हो जाए, लेकिन पीएम मोदी और बीजेपी को सिर्फ चुनाव की चिंता है. 56 इंच का सीना 5 इंच का बन गया है. पिछले 12 सालों में 46 बार आतंकी हमले हो चुके हैं. उन्होंने पूछा कि मोदी आखिर कब ऐसे दहशतगर्दों को सबक सिखाएंगे?

हिन्दू-मुसलमान करना ठीक नहीं’

पूर्णिया सांसद ने कहा कि हर घटना पर हिन्दू-मुसलमान करना ठीक नहीं है. उग्रवादी को दलित और आदिवासी बताकर मारा जाता है, अब आतंकवादियों को भी धर्म से जोड़कर मुस्लिम बताया जाता है.

उन्होंने कहा कि मैं पूछना चाहता हूं कि पाकिस्तान में पलने वाले इन आतंकियों ने क्या मुसलमानों को आज तक बख्शा है? हजारों बच्चों को आतंकवादियों ने वहां भी मारा है. आतंकी बस आतंकवादी हैं, मेरी समझ में इसे धर्म से जोड़ना कतई जायज नहीं.

क्या बोले पीएम मोदी?: बिहार के मधुबनी में सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज बिहार की धरती से मैं पूरी दुनिया से कहता हूं कि भारत हर एक आतंकवादी और उनके समर्थकों की पहचान करेगा, उनका पीछा करेगा और उन्हें सजा देगा.

भारत की आत्मा को आतंकवाद कभी नहीं तोड़ सकता. आतंकवाद को बिना सजा के नहीं छोड़ा जाएगा. पहलगाम हमले की साजिश रचने वाले आतंकियों को उनकी कल्पना से भी बड़ी सजा मिलेगी.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.