श्रीनगर: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार सुबह जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हमले वाली जगह पहुंचे. उनके साथ उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी मौजूद रहे. गृह मंत्री ने सुरक्षा बलों से सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. पहलगाम में आतंकी हमले के बाद सुरक्षा बलों ने आतंकियों की तलाश के लिए बुधवार को सघन तलाशी अभियान शुरू किया.

हमले के बाद से इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब से दिल्ली पहुंचने के तुरंत बाद विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, एनएसए अजीत डोभाल, विदेश सचिव विक्रम मिस्री और अन्य अधिकारियों के साथ एक संक्षिप्त बैठक की.

अमित शाह की कड़ी चेतावनी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पहलगाम में कहा कि आतंक के आगे भारत नहीं झुकेगा. आतंकियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. हमले के गुनहगार को नहीं छोड़ेंगे. इसस पहले गृह मंत्री ने पीड़ितों को श्रद्रांजलि दी और पीड़ित परिवारों से मिलकर उनका हालचाल जाना.

कड़ी की गई सुरक्षा व्यवस्था
पहलगाम आतंकी हमले के बाद सुरक्षा बलों ने सभी संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा कड़ी कर दी है. इसके साथ ही घटनास्थल के आस-पास सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया है. पहलगाम में तलाशी अभियान में सहायता के लिए सेना के हेलिकॉप्टरों की मदद भी ली जा रही है.

एनआईए की टीम श्रीनगर पहुंची
पहलगाम आतंकी हमला मामले की जांच को लेकर एनआईए की टीम के श्रीनगर पहुंचने की खबर है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एनआईए सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच करेगी. इससे पहले भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ ने इलाके की घेराबंदी कर दी है. सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

जम्मू-कश्मीर में पूर्ण बंद आज
इलाके से मिली तस्वीरों में आमतौर पर चहल-पहल वाले इस पर्यटक क्षेत्र की सड़कें सुनसान दिखाई दे रही है. हमले के बाद कई संगठनों ने जम्मू बंद का आह्वान भी किया है. इस बीच सभी संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. इलाके में स्थिति तनावपूर्ण होने के कारण कुछ पर्यटकों ने अपनी यात्राएं भी कम करने का फैसला किया है.



Leave a Reply