MUZAFFARPUR

मुजफ्फरपुर जिलाधिकारी ने जिला, अनुमंडल ,प्रखंड एवं अंचल स्तरीय अधिकारियों के साथ की बैठक

सरकार की विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा ससमय पूरा कराने के निमित्त जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने जिला, अनुमंडल ,प्रखंड एवं अंचल स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की तथा आवश्यक निर्देश दिया।

समाज के अंतिम पायदान पर बैठे लोगों को मुख्य धारा में लाने तथा सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के निमित्त जिलाधिकारी ने 22 सेवाओं से जुड़े अधिकारियों को एससी एसटी टोलों में जाने तथा कैंप मोड में शत प्रतिशत परिवारों को सरकारी सेवाओं से आच्छादित करने की कड़ी हिदायत दी।

विदित हो कि 

डॉ अंबेडकर समग्र सेवा अभियान के तहत हर टोला- हर परिवार- हर सेवा के संकल्प के साथ एससी एसटी टोलो में संचालित शिविरों में छूटे हुए/ वंचित परिवारों से प्राप्त आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ससमय निष्पादन करने तथा सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने का सख्त निर्देश दिया है। शिविर में प्रतिनियुक्त सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को निश्चित रूप से ससमय उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा साप्ताहिक समीक्षा कर आवश्यक सुधार लाने का निर्देश सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिया है।

इस अभियान के तहत अब तक 22300 आवेदन प्राप्त हुए हैं जिसमें से 7141 आवेदन का निष्पादन कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने 22 सेवाओं से जुड़े अधिकारियों को पूरी तत्परता एवं जवाबदेही से कार्य कर सभी आवेदन का प्रायरिटी बेसिस पर निष्पादन करने तथा एससी एसटी टोलों में सभी योग्य परिवारो एवं व्यक्तियों को सरकारी योजना से आच्छादित करने का निर्देश दिया। इसके लिए जिलाधिकारी ने विशेष हिदायत देते हुए कहा कि महादलित टोलों में कोई भी परिवार अथवा कोई भी व्यक्ति सरकारी योजना के आच्छादन से वंचित न रहे। शिविर के सफल एवं सुचारु आयोजन हेतु पंचायत टीम गठित है तथा अधिकारियों एवं कर्मियों की तैनाती की गई है। सभी को सक्रिय एवं तत्पर होकर जवाबदेही से कार्य करने को कहा है। कोताही बरतने वालों को गंभीरता से लिया जाएगा।

बैठक में जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि समाज की कई महिलाएं विभिन्न प्रकार के जॉब में कार्यरत हैं किंतु उन्हें आवासन की समस्या है। इसलिए कल्याण विभाग द्वारा कामकाजी महिलाओं के लिए मुसहरी और कांटी में छात्रावास बनाये जाने की योजना है। इसके लिए मुसहरी एवं कांटी के अंचल अधिकारी को एक एकड़ जमीन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

इसके अतिरिक्त जननायक कर्पूरी ठाकुर बालिका छात्रावास के लिए भी मुसहरी और कांटी में एक एकड़ जमीन की जरूरत है। जिलाधिकारी ने मुसहरी और कांटी के अंचलाधिकारी को उपयुक्त जमीन चिन्हित कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

इसके लिए जिला कल्याण पदाधिकारी को प्रखंडों में तैनात प्रखंड कल्याण पदाधिकारी को अंचलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। मीनापुर , तर्की, माधोपुर सुस्ता , बरूराज नगर पंचायत के भवन निर्माण के लिए 50 डिसमिल जमीन की जरूरत है। इसके लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अंचलाधिकारी से प्रखंड के लिए अधिग्रहित जमीन में से उपयुक्त जमीन प्राप्त कर नगर विकास एवं आवास विभाग को भेजने का निर्देश डीसीएलआर को दिया।

आज सभी 16 प्रखंडों के 32 ग्राम संगठन के स्तर पर संवाद रथ के माध्यम से महिला संवाद का कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें काफी संख्या में महिलाओं ने भागीदारी देकर अपने विचार,सुझाव, अपेक्षा एवं आकांक्षा के परिप्रेक्ष्य में आवश्यक फीडबैक प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने डीपीएम जीविका को प्रतिदिन कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

पंचायत सरकार भवन के लिए वांछित उपयुक्त भूमि के संबंध में अंचलवार प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने पंचायतों में अनुरक्षक के भुगतान में तेजी लाने, विद्युत विपत्र का भुगतान करने तथा स्ट्रीट लाइट की क्रियाशीलता के बारे में प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी को संयुक्त रूप से प्रतिवेदन भेजने का निर्देश दिया।

गर्मी के मौसम को देखते हुए हर घर में नल का जल कार्यरत रहने तथा खराब/ बंद चापाकलों की मरम्मती कर जल्द शुरू करने का निर्देश पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता मोतीपुर एवं मुजफ्फरपुर को दिया। दोनों कार्यपालक अभियंता को पूरी टीम को एक्टिव रखने तथा क्षेत्र भ्रमण कर ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक घर में पेयजल आपूर्ति की सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पंचायत सचिव, विकास मित्र, आवास सहायक के माध्यम से प्रखंडों में स्कूल, आंगनबाड़ी, महादलित टोलों में स्थापित चापिकलों तथा नल जल की अद्यतन स्थिति प्राप्त कर पेयजल की निर्वाध आपूर्ति करने को कहा।

जिलाधिकारी ने जरूरतमंदों के लिए शहरी क्षेत्र में नगर निकायों द्वारा पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु जगह-जगह पर ‘प्याऊ’ की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। तदनुसार सभी नगर निकायों में जरूरतमंदों के लिए जगह-जगह पर प्याऊ की व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी ने गर्मी के मौसम को देखते हुए जरूरतमंदों के लिए प्याऊ की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया है।

जिलाधिकारी ने आपदा की घड़ी में संवेदनशील होकर कार्य करने तथा घटना स्थल पर त्वरित पहुंचने तथा तत्परता से राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने को कहा है। यद्यपि गर्मी के मौसम में जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला अग्निशमन कार्यालय तथा अंचल कार्यालय द्वारा अग्नि सुरक्षा / हीटबेव से बचाव हेतु व्यापक जागरूकता अभियान चलाए गए हैं तथा आम लोगों की जानकारी हेतु जनहित में जगह-जगह पर होर्डिंग फ्लेक्स संस्थापन एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किये जा रहे हैं। जिलाधिकारी द्वारा अगलगी की घटनाओं की रोकथाम के लिए एक ओर व्यापक प्रचार-प्रसार शुरू किये गये है तो दूसरी ओर राहत एवं बचाव कार्य, अनुग्रह अनुदान राशि के भुगतान की अंचलवार नियमित समीक्षा कर अधिकारियों एवं कर्मियों को सख्त हिदायत के साथ सक्रिय एवं तत्पर रखा गया है।

 

राजस्व एवं भूमि सुधार के कार्यों में जिलाधिकारी द्वारा नियमित साप्ताहिक समीक्षा कर उल्लेखनीय सुधार लाया गया है। अब म्यूटेशन परिमार्जन आदि में अपेक्षित सुधार नहीं लाने वाले अंचल के विरुद्ध जुर्माना लगाने की कार्रवाई शुरू हो गई है। इसके तहत मीनापुर के अंचलाधिकारी एवं उनकी टीम के विरुद्ध 250 रू प्रति आवेदन के हिसाब से जुर्माना लगाने की कार्रवाई शुरू हो गयी है। काम करिए, नहीं तो फाइन भरिए के सिद्धांत के आधार पर दंड अधिरोपण की कार्रवाई शुरू हो चुकी है। कांटी और मुसहरी के खराब परफॉर्मेंस के आधार पर अंचलाधिकारी से स्पष्टीकरण करने का निर्देश दिया गया है। मीनापुर के अंचलाधिकारी को जिलाधिकारी ने कड़ी हिदायत देते हुए प्रखंड मुख्यालय में ही बने रहने तथा जवाबदेही से जनता के कार्यों को संवेदनशील होकर निष्पादन करने का निर्देश दिया है।

जिलाधिकारी ने सूचना के अधिका तथा राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग तथा लोक शिकायत के मामलों को भी गंभीरता से लेने तथा समयबद्ध तरीके से निष्पादित करने का निर्देश दिया है।

 

बैठक में उप विकास आयुक्त श्रेष्ठ अनुपम जिला बंदोबस्त पदाधिकारी  फिरोज अख्तर डीआरडीए डायरेक्टर संजय कुमार जिला पंचायत राज पदाधिकारी नवीन कुमार तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी सभी अंचलाधिकारी सभी राजस्व पदाधिकारी सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी आदि जुड़े हुए थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.