पटना: बिहार में मौसम के साफ होने की संभावना नहीं दिखाई दे रही है. शनिवार को भी कई जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार सुबह मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण और सारण समेत उत्तर बिहार के कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं. इन हवाओं के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की भी पूरी संभावना है.

पूर्वी बिहार और सीमांचल में येलो अलर्ट जारी
इससे पहले मौसम विभाग ने पूर्वी बिहार और सीमांचल के कुछ हिस्सों के लिए ठनका गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया था. लोगों को सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.

मौसम विभाग के अनुसार बिहार में अगले दो से तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है. 15 अप्रैल तक आंधी, बारिश और वज्रपात के लगातार जारी रहने की संभावना जताई गई है.

कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
शनिवार की सुबह बेतिया, बगहा, रामनगर, नरकटियागंज, लौरिया, सिकटा और आसपास के इलाकों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में तेज गर्जन के साथ वज्रपात और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.

लोगों को सतर्क रहने की सलाह
खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने को कहा है. वहीं बिना जरूरत घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है. खासकर खेतों, खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की हिदायत दी गई है.

इन जिलों में ठनका गिरने की आशंका
गोपालगंज, छपरा, सीवान, मुजफ्फरपुर, शिवहर और सीतामढ़ी जैसे जिलों में भी मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ ठनका गिरने की संभावना जताई गई है. लोगों को सावधानी बरतने और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने शनिवार को पूर्वी बिहार और सीमांचल के कई जिलों में भी मौसम के बिगड़ने की चेतावनी दी है.

वज्रपात से हाल ही में गई कई जानें
पटना मौसम केंद्र के अनुसार, पूरे राज्य में 15 अप्रैल तक आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा. मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. राज्य में आंधी और वज्रपात के कारण 64 से अधिक लोगों की जान चली गई है.




Leave a Reply