MUZAFFARPUR

बिहार में एक बार फिर पुलिस पर हमला, एक सैप जवान का फोड़ा सिर

बिहार में एक बार फिर से पुलिस टीम पर हमला हुआ है. दरअसल बिहार के मुजफ्फरपुर के बोचहां में एक विवाद सुलझाने गई पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. इस हमले में एक सैप जवान को गंभीर चोटें आई है.

घटना देर रात की बतायी जा रही है. बताया जा रहा है कि पुलिस को एक विवाद की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस जैसे ही मामले को सुलझाने पहुंची, उसी दौरान लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया. वहीं इस घटना ने एक बार फिर से बिहार में लॉ एंड ऑर्डर को लेकर सवाल खड़ा किया है.

बता दें, बोचहां थाना को सूचना मिली कि मझौली रामदास गांव में झगड़ा हो रहा है. थानाध्यक्ष ने गश्ती दल को इसकी जानकारी दी. गश्ती दल जब विवाद सुलझाने के लिए गांव पहुंची तो अचानक ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया और पुलिस कर्मियों पर पत्थर बरसाने लगे. इसी दौरान एक महिला ने छत से पत्थर फेंका, जिससे सैप जवान अरविन्द कुमार के माथे में गंभीर चोटें आईं और सिर फट गया.

इसके बाद पुलिसकर्मियों ने तुरंत वहां घायल जवान को लेकर बोचहां PHC में भर्ती कराया. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें SKMCH भेजा गया, जहां उनका इलाज किया गया. घायल जवान अरविन्द कुमार ने बताया कि वे रात की गश्त पर थे और सूचना मिलने पर गांव पहुंचे थे.

लेकिन, पुलिस को देखते ही लोग उग्र हो गए और ईंट-पत्थर चलाने लगे. पूरे मामले पर एसएसपी सुशील कुमार ने कहा कि एक सैप जवान को चोटें आई हैं और मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.