पटना: पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सोमवार को बिहार दौरे पर आ रहे हैं. वह कन्हैया कुमार के साथ ‘पलायन रोको, नौकरी दो’ यात्रा में शामिल होंगे.

इसके अलावे भी वह दो कार्यक्रमों में शामिल होंगे. इसके बाद बिहार कांग्रेस के नेताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मंथन करेंगे.

युवाओं से राहुल गांधी की अपील: कांग्रेस के युवा नेता कन्हैया कुमार के साथ राहुल गांधी बेगूसराय की सड़कों पर दिखेंगे. पलायन रोको नौकरी दो पदयात्रा में शामिल होने के लिए राहुल गांधी ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लोगों से इस पदयात्रा में शामिल होने की अपील की है. उन्होंने युवाओं से अपील की है कि आपलोग व्हाइट टी-शर्ट पहनकर आएं.

तीन माह में तीसरी बार आएंगे राहुल: इससे पहले राहुल गांधी 18 जनवरी और 5 फरवरी को भी पटना आए थे. सोमवार की सुबह पटना पहुंचने के बाद वह सीधे हेलीकॉप्टर से बेगूसराय जाएंगे, जहां वह यूथ कांग्रेस के द्वारा चलाए जा रहे ‘पलायन रोको नौकरी दो’ पदयात्रा में कन्हैया के साथ शामिल होंगे.

बेगूसराय में पदयात्रा में शामिल होने के बाद राहुल गांधी पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में ‘संविधान बचाओ सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे.

नमक सत्याग्रह की याद में कांग्रेस पार्टी द्वारा अति पिछड़ा समाज नोनिया वर्ग के लोगों को इसमें आमंत्रित किया गया है. इसके बाद राहुल गांधी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे.


Leave a Reply