MUZAFFARPUR

बिहार को अमित शाह चला रहे हैं..’ प्रशांत किशोर का दावा- सरकार पर नीतीश कुमार का कोई कंट्रोल नहीं

पटना: जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि सीएम अब फिट नहीं हैं. जिस वजह से अमित शाह जैसे लोग अधिकारियों के माध्यम से बिहार की सरकार चला रहे हैं.

इसके साथ ही वक्फ संशोधन बिल पर पीके ने जेडीयू को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मुसलमानों का वोट लेने वाले नेताओं को केंद्र सरकार के इस फैसले का विरोध करने की हिम्मत दिखानी चाहिए.

‘अमित शाह चला रहे हैं सरकार’: प्रशांत किशोर ने दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का अब अपनी सरकार पर निंयत्रण नहीं है. उन्होंने लगाया कि बिहार की सरकार को दिल्ली में बैठे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जैसे लोग अधिकारियों के माध्यम से चला रहे हैं.

फिट नहीं हैं नीतीश कुमार’

प्रशांत किशोर ने दावा किया कि नीतीश कुमार अब मुख्यमंत्री के तौर पर फिट नहीं हैं. उनका रोज कोई न कोई वीडियो सामने आता है, जिसमें उनकी अजीब-अजीब हरकत देखने को मिलती है. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से प्रशासन पर भी उनका कंट्रोल नहीं है. अब उनका इकबाल पूरी तरह खत्म हो चुका है और ये बात राज्य की जनता भी समझ रही है.

वक्फ संशोधन बिल पर केंद्र का विरोध करे जेडीयू

जन सुराज पार्टी के सूत्रधार ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जेडीयू के नेता हमेशा से मुसलमानों का वोट लेते रहे हैं. ऐसे में उनको वक्फ संशोधन विधेयक का विरोध करना चाहिए और मुसलमानों का साथ देना चाहिए लेकिन अगर वह ऐसा नहीं करते हैं तो नीतीश कुमार खुद को गांधी और लोहिया का अनुयायी कहना बंद कर दें.

ईद मिलन समारोह में हुए शरीक

किशनगंज में अंजुमन इस्लामिया ईद मिलन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने कदम रसूल स्थित मदरसा अमजदिया ईदगाह में चादरपोशी भी की और ईद पर समाज में शांति, सद्भाव और एकता तथा लोगों के जीवन में खुशहाली की दुआ मांगी. उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारे के साथ ईद मनाने की अपील की.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.