मुजफ्फरपुर: जंक्शन पर शनिवार को साइबर थाना के पास एक वृद्ध महिला को नशा खिलाकर लूटने के मामले में पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सीसी कैमरे से मिले फुटेज के आधार पहचान कर दोनों आरोपित की गिरफ्तारी की गई। दोनों आरोपित फिर से अगले दिन किसी नए यात्री को शिकार बनाने आए थे, तभी जीआरपी वालों ने दबोच लिया।

जीआरपी के अनुसार छपरा के मेघ गांव निवासी सुगिया देवी इलाज के लिए मुजफ्फरपुर आई थीं। शनिवार दोपहर को वे जंक्शन के साइबर थाना के पास जमीन पर बैठ ट्रेन का इंतजार कर रही थीं।इसी दौरान पंकज कुमार (30) और उसकी पत्नी संयोगिता कुमारी, जो सदर थाना क्षेत्र के पताही महमदपुर का रहना वाला है, अपने बच्चे के साथ वहां पहुंचे और थोड़ी देर में महिला के साथ मेल-जोल बढ़ा लिया।

उन्होंने महिला को पहले बच्चे के बहाने कुरकुरे दिए, फिर सुगिया देवी को जबरन खाने को कहा। इसके बाद आरोपी दो बोतल कोल्ड्रिंक लाया, एक खुद ने पी और दूसरी महिला को दे दी। कोल्ड्रिंक में नशे की गोलियां मिली थीं। पीते ही महिला बेहोश हो गई। इसके बाद बदमाशों ने महिला के नाक की नथ और गले से जिउतिया निकाल लिया और मौके से फरार हो गए।

सीसी कैमरे से खुला राज
घटना के दौरान पास में मौजूद पुलिसकर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। चेकिंग के दौरान जीआरपी मुंशी रुपेश कुमार सिंह की नजर बेहोश महिला पर पड़ी। उन्होंने तत्काल महिला को अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद वृद्ध महिला के बेहाश होने की जांच शुरू की।
आरपीएफ के एसआई गोकुलेश पाठक और जीआरपी टीम ने सीसी कैमरे का फुटेज खंगाला, जिसमें पूरी वारदात कैद मिली। पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने वारदात के बाद कपड़े भी बदल लिए थे।

फिर स्टेशन पहुंचे, इस बार पकड़े गए
सीसीटीवी से मिली तस्वीर सभी पुलिसकर्मियों को भेज दी गई। दोनों आरोपित अगले ही दिन रविवार की शाम फिर से स्टेशन आए। किसी नए यात्री की शिकार की तलाश में पति-पत्नी दोनों बच्चे संग स्टेशन आए थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें पहचान कर दबोच लिया।

तलाशी के दौरान लूटे गए आभूषण भी बरामद कर लिए गए। पूछताछ में यह भी सामने आया कि 15 मार्च को भी इसी तरह एक महिला को नशा खिलाकर लूट की घटना को अंजाम दिया गया था, लेकिन उस समय मामला दर्ज नहीं हो सका था। जीआरपी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।



Leave a Reply