BIHARMUZAFFARPURSTATE

मुजफ्फरपुर पुलिस की बड़ी उपलब्धि: ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत 180 लोगों के चेहरे पर लौटी खुशी

मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर ज़िला पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत एक बार फिर मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की है। पुलिस लाइन मैदान स्थित आनंद भवन कैंपस में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान, पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों से चोरी हुए या गुम हुए 180 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। इस अभियान की अब तक की यह सबसे बड़ी सफलता मानी जा रही है।

इसका नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा ने किया। इस अवसर पर सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी, नगर डीएसपी सुरेश कुमार, विनीता सिन्हा और साइबर डीएसपी हिमांशु कुमार सहित नगर, काजी मोहम्मदपुर और सदर थाना के अध्यक्ष व कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

बुजुर्गों और युवाओं के खिले चेहरे: जैसे ही पुलिस अधिकारियों ने लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल वापस करना शुरू किया, पूरे परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। चाहे वे बुजुर्ग महिलाएं हों, पुरुष हों या छात्र, सभी के चेहरे पर मुस्कान साफ देखी जा सकती थी। मोबाइल वापस पाने वाले श्रीकांत कुमार ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, “मेरा मोबाइल गिर गया था और मुझे मिलने की उम्मीद कम थी। लेकिन मुजफ्फरपुर पुलिस की इस मुहिम ने मेरा भरोसा जीत लिया है। यह एक सराहनीय पहल है।

SSP कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मोबाइल चोरी या गिरने की शिकायतों पर विशेष अभियान चलाया गया था। तकनीकी सेल और स्थानीय पुलिस के साझा प्रयास से 180 हैंडसेट बरामद किए गए। उन्होंने कहा, “ऑपरेशन मुस्कान का मुख्य उद्देश्य जनता का पुलिस पर विश्वास बहाल करना और उनके खोए हुए सामान को वापस दिलाकर उनके चेहरे पर खुशी लाना है।” एसएसपी ने इस सफलता के पीछे सक्रिय भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की भी घोषणा की।

स्थानीय नागरिकों ने मुजफ्फरपुर पुलिस के इस कार्य की जमकर सराहना की है। लोगों का कहना है कि मोबाइल केवल एक उपकरण नहीं, बल्कि व्यक्तिगत डेटा और यादों का खजाना होता है। पुलिस द्वारा इसे ढूंढकर वापस करना प्रशासन की संवेदनशीलता को दर्शाता है। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे अपने मोबाइल के प्रति सतर्क रहें और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत नजदीकी थाने में दें।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.