पटना: राजधानी पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां खेतान मार्केट के पास संचालित दुकान से जुड़े 28 वर्षीय व्यापारी आदित्य कुमार गुरुवार शाम से लापता हैं. उनके पिता संजय कुमार ने पीरबहोर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है.

शाम 5 बजे दुकान से निकले, घर नहीं लौटे
परिजनों के अनुसार, आदित्य कुमार मूल रूप से कदम कुआं इलाके के निवासी हैं और खेतान सुपर मार्केट में अपनी कपड़ा दुकान चलाते हैं. गुरुवार, 19 फरवरी 2026 की शाम करीब 5 बजे वे दुकान से बकाया राशि वसूलने (तगादा) के लिए निकले थे. उन्होंने परिवार को बताया था कि कुछ ग्राहकों से पेमेंट लेकर जल्द लौट आएंगे, लेकिन देर रात तक उनका कोई पता नहीं चला. काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला.

मोबाइल बंद, आशंका बढ़ी
परिवार का कहना है कि शाम 7 बजे के आसपास से आदित्य का मोबाइल फोन स्विच ऑफ आ रहा है, जिससे अनहोनी की आशंका और गहरा गई है. परिजनों ने बताया कि उन्होंने परिचितों, दोस्तों और आसपास के इलाकों में संपर्क किया, लेकिन कहीं से भी कोई जानकारी नहीं मिली. यह मामला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने जैसा प्रतीत हो रहा है, जिससे व्यापारिक समुदाय में भी दहशत फैल गई है.

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल, सुरक्षा की मांग
घटना के बाद परिवार का हाल बेहद खराब है. परिजन रो-रोकर बेसब्री से आदित्य की तलाश कर रहे हैं और प्रशासन से जल्द बरामदगी की गुहार लगा रहे हैं. किसी अनहोनी की आशंका से वे परेशान हैं. स्थानीय व्यापारियों ने भी इस घटना पर गहरी चिंता जताई है और बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.
पुलिस ने दर्ज किया गुमशुदगी का केस
पीरबहोर थाना प्रभारी शहजाद गद्दी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों के आवेदन पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है. अधिकारी ने कहा कि सभी संभावित एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही कोई सुराग मिलने की उम्मीद है.

थाना प्रभारी ने बताया कि खेतान मार्केट एवं आसपास के निजी तथा सरकारी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटानी शुरू कर दी है. यह देखा जा रहा है कि आदित्य आखिरी बार किस दिशा में जाते हुए दिखे. साथ ही मोबाइल लोकेशन ट्रेसिंग, कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (सीडीआर) और अन्य तकनीकी अनुसंधान भी किए जा रहे हैं. स्थानीय दुकानदारों तथा संभावित गवाहों से पूछताछ का सिलसिला जारी है.



Leave a Reply