पटना: बिहार सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के लिए एक बड़ा फैसला लिया है. इसके तहत प्रमोशन के लिए न्यूनतम सेवा अवधि को दो से चार साल तक कम कर दिया गया है. सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में नई नियमावली के तहत आदेश जारी किया है.

इस फैसले से बिहार में कार्यरत लगभग छह लाख सरकारी कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है. विशेष रूप से वेतन स्तर चार से सात तक के कर्मचारियों को इस निर्णय से सीधा फायदा होगा.

नई सेवा अवधि का निर्धारण
नए नियमों के अनुसार, वेतन स्तर चार से पांच और पांच से छह तक के लिए प्रमोशन की न्यूनतम सेवा अवधि अब तीन वर्ष होगी. वहीं वेतन स्तर छह से सात के लिए यह अवधि चार वर्ष निर्धारित की गई है. पहले यह अवधि अधिक थी, जिसे कम करने की मांग लंबे समय से कर्मचारी संगठनों द्वारा की जा रही थी. इस संशोधन से कर्मचारियों को जल्दी प्रमोशन का अवसर मिलेगा.

कर्मचारियों की मांग पर विचार
सामान्य प्रशासन विभाग के अनुसार, जून 2018 में सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के आधार पर न्यूनतम सेवा अवधि का निर्धारण किया गया था. हालांकि, वेतन स्तर चार के तहत कार्यरत कुछ संवर्ग के कर्मचारियों ने इस अवधि को कम करने के लिए आवेदन दिए थे. इन मांगों पर विचार करने के बाद बिहार सरकार ने यह कदम उठाया है. सरकार ने केंद्र और झारखंड सहित अन्य राज्यों के नियमों का अध्ययन करने के बाद यह निर्णय लिया.

प्रमोशन का इंतजार खत्म
इस निर्णय से उन कर्मचारियों का इंतजार खत्म हो गया है, जो लंबे समय से प्रमोशन की प्रतीक्षा में थे. नए नियमों के लागू होने से कर्मचारियों को न केवल उच्च पदों पर प्रोन्नति का अवसर मिलेगा, बल्कि इससे उनकी वेतन वृद्धि और अन्य सुविधाओं में भी इजाफा होगा. यह कदम कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने और उनकी कार्यक्षमता में सुधार लाने में सहायक सिद्ध होगा.

चुनाव से पहले नीतीश सरकार का मास्टरस्ट्रोक
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार इस फैसले के जरिए हर वर्ग को खुश करने की कोशिश में जुटी है. आगामी चुनावों को देखते हुए सरकार का यह कदम कर्मचारी वर्ग के बीच सकारात्मक संदेश देने वाला माना जा रहा है. इससे पहले सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को महंगाई भत्ते (डीए) में बढ़ोतरी का लाभ भी दिया था, जिससे कर्मचारियों में संतुष्टि का माहौल है.

पैसले से कर्मचारियों में उत्साह
बिहार सरकार के इस फैसले से सरकारी कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है. कर्मचारी संगठनों ने इस निर्णय का स्वागत किया है और इसे उनकी लंबे समय से चली आ रही मांगों की पूर्ति के रूप में देखा जा रहा है.

इस कदम से न केवल कर्मचारियों को आर्थिक लाभ होगा, बल्कि उनकी सेवा में स्थिरता और प्रेरणा भी बढ़ेगी. सरकार का यह प्रयास कर्मचारी कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.



Leave a Reply