BIHARPATNASTATE

दानापुर में आग बुझाने पहुंची पुलिस पर रेस्टोरेंट मालिक ने किया हमला, थाना अध्यक्ष सहित चार पुलिसकर्मी घायल

पटना: राजधानी पटना से सटे दानापुर में पुलिस पर हमला करने का मामला सामने आया है. हमले में थानाध्यक्ष समेत चार दारोगा जख्मी हो गए हैं. बताया जा रहा है कि एक रेस्टोरेंट में आग लग गई थी.

आग बुझाने में हुई देरी से होटल मालिक को गुस्सा आ गया और उसने मौके पर पहुंची पुलिस पर हमला कर दिया. बहरहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर छापेमारी शुरू कर दी है.

रेस्टोरेंट में लगी आग

दरअसल कैंट रोड के संत कैरेंस स्कूल के समीप एक शोरूम के चौथे मंजिल पर बने रेस्टोरेंट में आग लगी हुई थी. दमकल कर्मी आग बुझा रहे थे. इसी दौरान पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से रेस्टोरेंट मालिक और उसके परिजनों समेत कर्मियों को अंदर जाने से मना कर दिया.

आग बुझाने पहुंची पुलिस पर हमला

मनाही के बाद पुलिस और परिजनों के बीच कहासुनी होने लगी, तभी रेस्टोरेंट मालिक ने पुलिस पर आग बुझाने में देरी करने का आरोप लगाया और जबरन अंदर जाने की जिद करने लगा. इसी बीच रेस्टोरेंट मालिक और उसके परिजनों समेत कर्मियों ने पुलिस पर हेलमेट व अन्य सामग्री से हमला कर दिया.

थानाध्यक्ष समेत चार दारोगा जख्मी

कुछ पुलिस कर्मियों ने अपने आप को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तीन दरोगा नवीन कुमार, ब्रजेश कुमार और अरूण कुमार जख्मी हो गए, जबकि थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार भारद्वाज को भी चोटें आई हैं. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

छापेमारी में जुटी पुलिस

घटना के बाद रेस्टोरेंट मालिक, परिजन और कर्मी फरार हो गए थे. घटना की जानकारी वरीय पुलिस पदाधिकारी को दी गई. इसके बाद थानाध्यक्ष द्वारा आरोपियों को पकड़ने के लिए वीनस लार्डमार्क और वीनस पैराडाइज समेत अन्य ठिकनों पर छापेमारी की गई, लेकिन आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगे.

क्या बोले सिटीएसपी पश्चिमी?

सिटीएसपी पश्चिमी भानू प्रताप सिंह ने बताया कि रेस्टोरेंट मालिक द्वारा अग्निशमन विभाग और विद्युत विभाग समेत अन्य विभाग से एनओसी लिया गया है या नहीं. इसकी भी जांच की जाएगी. वहीं, अगर एनओसी नहीं ली गई होगी, तो मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.