BIHARSTATE

बिहार में बढ़ेगी ठंड, नवंबर के पहले सप्ताह में पारा 12 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान

सोमवार को बिहार के अधिकांश स्थानों पर आसमान में बादल छाए रहेंगे और हवाएं ठंड का एहसास कराएंगी। सुबह और शाम को हवा में अधिक ठंड होगी और खुले में धुंध भी दिखाई देगी। नवंबर माह के पहले सप्ताह में मौसम में अधिक परिवर्तन दिखाई देगा। अक्टूबर माह में सामान्य से 208 प्रतिशत अधिक हुई बारिश भी नमी के कारण ठंड का एहसास करा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक बिहार में रात के तापमान में अब लगातार गिरावट होगी।

सोमवार के बाद से और गिरेगा पारा
मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार के सभी हिस्सों में मौसम शुष्क (ड्राई) बना हुआ है। इस दौरान पश्चिम और उत्तर पश्चिम की तरफ से लगातार हवाएं बिहार के सभी हिस्से में प्रवेश कर रही हैं। इन हवाओं में ठंड के साथ नमी भी है। पहाड़ों पर लगातार होने वाले बर्फबारी की वजह से आने वाले दिनों में बिहार के सभी हिस्से में दिन के साथ ही रात के तापमान में गिरावट दर्ज होगी।

12 से 15 डिग्री के बीच होगा रात का तापमान
नवंबर के पहले सप्ताह में रात का तापमान 12 डिग्री तक जा सकता है। पूर्वानुमान है कि इस सप्ताह तापमान 12 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच होगा। अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 18 डिग्री के बीच रहने से हवा में ठंड का एहसास बढ़ेगा। इस दौरान 12 से 15 किलो मीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

हवा के कारण ही शाम से सुबह तक मौसम सर्द रहेगा। न्यूनतम तापमान 12 से 15 डिग्री के बीच रहने का पूर्वानुमान है, धूप निकलने के साथ ही पारा चढे़गा। सोमवार को पटना में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री होने का अनुमान है। इस दौरान आसमान पर बादल छाए रहेंगे।

जानिए अक्टूबर के मौसम का असर
बिहार में अक्टूबर में 189 MM बारिश रिकार्ड की गई है जो सामान्य से 208 फीसदी अधिक है। जबकि, 2020 में अक्टूबर महीने में 29.1 MM बारिश हुई थी, जो सामान्य से 53 फीसदी कम थी। इस दौरान पटना में 61.1 एमएम बारिश हुई है जो 19 अक्टूबर को सबसे अधिक 23,8 MM दर्ज की गई।

इस दौरान प्रदेश का अधिकतम तापमान औसतन 31.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अक्टूबर माह में सबसे गर्म जिला खगड़िया 10 अक्टूबर को 38.6 डिग्री और सबसे ठंडा जिला 31 अक्टूबर को गया 15 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक अक्टूबर महीने में भागलपुर में सबसे अधिक 296.1 एमएम बारिश हुई थी। इस दौरान एक अक्टूबर को 50 एमएम बारिश रिकार्ड की गई।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.