पटना: बिहार के सभी 38 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. जिसमें मौसम विभाग ने शनिवार को छह जिलों अररिया, सुपौल, किशनगंज, कटिहार, भागलपुर और बांका में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में तेज आंधी और तूफान के साथ भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. विभाग के अनुसार, इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है.

येलो अलर्ट वाले जिलों में तेज बारिश और आंधी
इसके अलावा जमुई, मधेपुरा, पूर्णिया, खगड़िया, मुंगेर समेत बिहार के बाकी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में हल्की से तेज हवा, बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है. मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की या कुछ देर के लिए तेज बारिश की संभावना बनी हुई है.

अगले 48 घंटों में तापमान में गिरावट
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटों के दौरान बिहार के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी. न्यूनतम तापमान में भी एक से चार डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है. इस गिरावट का मुख्य कारण भारी बारिश और आंधी-तूफान बताया जा रहा है.
पिछले 24 घंटों में सबसे गर्म जिला
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस बिक्रमगंज के रोहतास में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस भागलपुर में रहा. राज्य के अधिकतम तापमान 29.9 से 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.5 से 22.2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा.
पटना में येलो अलर्ट
पटना में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है. सुबह के समय कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई और पूरे दिन बादलों की आवाजाही जारी रहने की संभावना है. विभाग ने पूरे दिन गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया है.
पटना में आधी रात को तेज आंधी
पटना में रामनवमी के अवसर पर डाकबंगला चौराहे पर लगे पंडाल और झांकियों के दौरान आधी रात को तेज आंधी आई. इससे बांस में बंधी एलईडी लाइट गिर गई, लेकिन किसी बड़े हादसे से बच गए. इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी स्टेज पर मौजूद थे.
भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित
भारी बारिश और तेज हवा के कारण बिहार के प्रभावित जिलों में जलभराव, यातायात बाधित होने और फसलों को नुकसान पहुंचने की संभावना है. किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा टालने और सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है.
बारिश के बाद तापमान में बढ़ोतरी
अगले 48 घंटों में भारी बारिश के बाद अगले तीन दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है. हालांकि, फिलहाल बारिश और आंधी का दौर जारी रहने के कारण ठंडक बनी रहेगी.
Leave a Reply