बिहार : बिहार में शुक्रवार को आए आंधी-तूफान ने जमकर कहर मचाया। उत्तर से दक्षिण बिहार तक आंधी, बारिश, ओलावृष्टि से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। शनिवार को हवाओं की रफ्तार कम हो गई। अब मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने लगा है। हालांकि, अभी खतरा पूरी तरह टला नहीं है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बिहार में अगले सप्ताह फिर से मौसम बिगड़ेगा। इस संबंध में अलर्ट भी जारी कर दिया गया है।

पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 26 मार्च से उत्तर-पश्चिमी भारत में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की आशंका है। इसका असर बिहार में भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 26 और 27 मार्च को कई इलाकों में आंधी-बिजली का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ इलाकों में बारिश भी हो सकती है।
26 मार्च को उत्तर बिहार, कोसी सीमांचल, पूर्वी बिहार और उत्तर-पश्चिमी जिलों में मौसम खराब रहने की आशंका है। अगले दिन 27 मार्च को पूरे बिहार में मौसम विभाग का येलो अलर्ट है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रतिघंटा रह सकती है।

इससे पहले 23 से 25 मार्च तक तीन दिन मौसम साफ रहने का अनुमान है। इस अवधि में तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होगी। इससे गर्मी का असर तेज हो जाएगा। बता दें कि बिहार में बीते 24 घंटे के भीतर कई जिलों में आंधी-बारिश दर्ज हुई। इससे अधिकतर जगहों के दिन के तापमान में कमी आई। लोगों को गर्मी से तो राहत मिली लेकिन आंधी की वजह से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया।
खासकर सीमांचल क्षेत्र में तूफान का कहर देखा गया। हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक रही। अररिया जिले में कई जगहों पर घरों-दुकानों को नुकसान पहुंचा। कहीं पेड़ गिर गए तो कहीं दीवार गिरने से जानमाल को नुकसान पहुंचा। किशनगंज, पूर्णिया, सुपौल, कटिहार समेत आसपास के जिलों में भी तेज हवाओं ने किसानों को नुकसान पहुंचाया। खेतों में खड़ी फसल बर्बाद हो गई।

कल कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान की मानें तो रविवार को नेपाल से सटे उत्तर बिहार के कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। बीते 24 घंटे के दौरान बिहार के अधिकांश जिलों में बारिश हुई। समस्तीपुर, बेगूसराय और कटिहार में भारी वर्षा दर्ज की गई। राज्य के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम स्तर की बरसात हुई।




Leave a Reply