मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर में शुक्रवार से जारी तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है. मौसम की इस मार ने जिले के विभिन्न प्रखंडों में गेहूं, आलू, लीची और मसूर की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है. खेतों में खड़ी फसलें जमीन पर गिर चुकी हैं. तैयार फसलें पानी में डूबकर सड़ने लगी हैं. इससे किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.

फसलों पर मौसम की मार
वहीं कांटी प्रखंड में आलू की फसल पर भी मौसम की मार पड़ी है. इस समय आलू की खुदाई का अंतिम चरण चल रहा था, लेकिन अचानक हुई बारिश ने खेतों में पानी भर दिया.

ओलावृष्टि ने फसल की बर्बाद
कटरा प्रखंड के खंगुरा इलाके में स्थिति और भी गंभीर है. यहां तेज आंधी और ओलावृष्टि ने सैकड़ों एकड़ में लगी गेहूं और मसूर की फसल को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है. खेतों में खड़ी फसलें गिरकर जमीन पर बिछ गई हैं, जिससे कटाई भी मुश्किल हो गई है.

किसानों को सताने लगी कर्ज चुकाने की चिंता
इसी तरह किसान रामा राय ने बताया कि उनकी 5 बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है. उन्होंने बेटी की शादी के लिए अच्छी फसल की उम्मीद लगाई थी, लेकिन अब सारी योजनाएं धरी रह गई हैं. किसान सुनील चौधरी ने भी बताया कि उन्होंने 4 बीघा में गेहूं की खेती के लिए 50 हजार रुपये का कर्ज लिया था, जो अब डूबता नजर आ रहा है.

सर्वे कराकर मुआवजे की मांग
लगातार हो रहे इस नुकसान से जिले के किसानों में निराशा और चिंता का माहौल है. किसानों ने सरकार और प्रशासन से तत्काल सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग की है. अब देखना होगा कि इस प्राकृतिक आपदा के बाद प्रशासन किसानों को कितनी राहत पहुंचा पाता है.



Leave a Reply