बिहार की सियासत आज पूरी तरह उबाल पर है। सत्ता और विपक्ष के बीच राजनीतिक शतरंज की बिसात बिछ चुकी है और हर चाल बेहद अहम मानी जा रही है। दरअसल राज्य में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए आज मतदान हो रहा है, जिसे लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज है।

राजधानी पटना स्थित बिहार विधानसभा परिसर में सुबह 9 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो शाम 4 बजे तक जारी रहेगी। इसके बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी और करीब एक घंटे के भीतर नतीजे आने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस चुनाव को लेकर विपक्षी खेमे में भी जबरदस्त सक्रियता देखने को मिल रही है। राष्ट्रीय जनता दल ने दावा किया है कि पार्टी के सभी 25 विधायक विधानसभा पहुंच चुके हैं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अपने विधायकों के साथ लगातार मंथन कर रणनीति तय कर रहे हैं।मतदान के बीच तेजस्वी यादवने बड़ा दावा करते हुए कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि महागठबंधन की जीत तय है। उन्होंने कहा कि AIMIM और बहुजन समाज पार्टी ने भी उनके उम्मीदवार को समर्थन दिया है, जिससे उनकी संख्या 41 तक पहुंच गई है। तेजस्वी ने कहा कि शुरुआत में उनके पास छह वोट कम थे और एनडीए के पास तीन ज्यादा, लेकिन उन्होंने चुनौती स्वीकार करते हुए हर संभव कोशिश की, जिसके बाद उन्हें अन्य दलों का समर्थन मिला। उन्होंने यह भी साफ कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा के सामने झुकने वाले नहीं हैं।

हालांकि चुनाव के बीच भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के तीन विधायकों को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। बताया जा रहा है कि विधायक सुरेंद्र प्रसाद और मनोज विश्वासअभी तक विधानसभा नहीं पहुंचे हैं। इस पर तेजस्वी यादव ने कहा कि विपक्ष की ओर से फैलाई जा रही खबरें सिर्फ अफवाह हैं। उधर एनडीए खेमे में भी आत्मविश्वास कम नहीं है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी अपने विधायकों के साथ विधानसभा पहुंचे, वहीं केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय भी पहुंचे हैं।

जदयू विधायक अमरेंद्र कुमार पांडे ने कहा कि उन्होंने वोट डाल दिया है और उनका समर्थन जदयू उम्मीदवार नीतीश कुमार को है। वहीं भाजपा विधायक विनय बिहारीका दावा है कि एनडीए के पांचों उम्मीदवार जीत दर्ज करेंगे। जदयू नेता श्याम रजक ने भी कहा कि पांचों सीटों पर एनडीए की जीत लगभग तय है।

कुल मिलाकर बिहार की राजनीति में आज का दिन बेहद निर्णायक माना जा रहा है। सत्ता और विपक्ष दोनों ही जीत का दावा कर रहे हैं, लेकिन असली फैसला मतगणना के बाद ही सामने आएगा कि सियासी बाज़ी आखिर किसके नाम होती है।
Leave a Reply