BIHARMUZAFFARPURSTATE

मुजफ्फरपुर में गैस की कालाबाजारी पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, मयूर महल रेस्टोरेंट पर छापा, FIR दर्ज

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और उपभोक्ताओं को होने वाली असुविधा को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन के कड़े निर्देश पर शनिवार से पूरे जिले में एक व्यापक अभियान की शुरुआत की गई है। इसके तहत जिले के पूर्वी और पश्चिमी दोनों अनुमंडलों में भारी संख्या में मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई है।

सुरक्षा और निगरानी का सख्त पहरा

प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, पूर्वी अनुमंडल के 57 और पश्चिमी अनुमंडल के 35 गैस एजेंसी केंद्रों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल को तैनात किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उपभोक्ताओं को बिना किसी बाधा के गैस सिलेंडर मिल सके और कोई भी एजेंसी संचालक गड़बड़ी न कर पाए। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक प्रखंड स्तर पर ‘विशेष धावा दल’ (स्पेशल स्क्वाड) का गठन किया गया है। इन टीमों में दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया है, जो किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी की सूचना मिलते ही तत्काल छापेमारी करेंगे।

रेस्टोरेंट में घरेलू सिलेंडर का उपयोग, बड़ी कार्रवाई

अभियान के पहले ही दिन पूर्वी अनुमंडल के मिठनपुरा इलाके में बड़ी सफलता मिली। अनुमंडल पदाधिकारी (पूर्वी) तुषार कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि पानी टंकी चौक स्थित ‘मयूर महल’ रेस्टोरेंट में व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए अवैध रूप से घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का उपयोग किया जा रहा है। सूचना के आधार पर मुसहरी और बोचहां के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से रेस्टोरेंट पर छापेमारी की।छापेमारी के दौरान सूचना सही पाई गई और रेस्टोरेंट में घरेलू सिलेंडरों का धड़ल्ले से उपयोग होता मिला। प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए न केवल सिलेंडरों को जब्त किया, बल्कि रेस्टोरेंट संचालक के खिलाफ मिठनपुरा थाने में प्राथमिकी (FIR) भी दर्ज करा दी है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.