BIHARMUZAFFARPURSTATE

‘सरकार कहीं फिर से बर्तन न पिटवाने लगे’, LPG सिलेंडर की किल्लत पर मुकेश सहनी का तंज

विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने बिहार में रसोई गैस की किल्लत को लेकर सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि सरकार भले ही रसोई गैस की कोई कमी नहीं होने की बात कर रही है, लेकिन हकीकत यह है कि आज गांव से लेकर कस्बों और शहरों तक में रसोई गैस के लिए लोग परेशान हैं।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि गैस सिलेंडर की कमी पर सरकार कहीं कोरोना त्रासदी की तरह फिर से बर्तन नहीं पिटवाने लगे। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि सरकार को लोगों को खाली गैस सिलेंडर पिटवाना चाहिए, जिससे रसोई गैस की कमी दूर हो सके।

वीआईपी के प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा कि कुछ जिलों में रसोई गैस के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतार लगी हुई है, तो कई उपभोक्ताओं को ब्लैक में रसोई गैस खरीदनी पड़ रही है। कई कंपनियों द्वारा ई-केवाईसी करने के नाम पर परेशान किया जा रहा है।

उन्होंने सरकार से इस समस्या को दूर करने को लेकर जल्द कदम उठाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि यदि यही स्थिति रही, तो घर में खाना पकाने पर संकट आ जाएगा। गैस की कमी की वजह से कालाबाजारी बढ़ने की पूरी संभावना है। वीआईपी के संस्थापक मुकेश सहनी ने कहा कि पहले से ही महंगी गैस झेल रहे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए यह दोहरी मार हो गयी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को इस पर स्वयं संज्ञान लेना चाहिए और जमीनी सच्चाई की जांच करवाकर स्थिति को नियंत्रित करना चाहिए, नहीं तो स्थिति बिगड़ जाएगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.