BIHARSTATE

बिहार के 73 लाख किसानों को शुक्रवार को मोदी भेज देंगे पीएम किसान सम्मान निधि का पैसा

बिहार : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 मार्च, शुक्रवार को असम से किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (पीएम किसान) की 22वीं किस्त का पैसा बिहार के 73.34 लाख किसानों के बैंक खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिए भेजेंगे। असम में विधानसभा चुनाव होना है और जल्द ही भारतीय निर्वाचन आयोग वहां चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा कर सकता है।

पीएम मोदी 2 दिन के असम दौरे पर शुक्रवार को गुवाहाटी जा रहे हैं। राज्य के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने बुधवार को बताया कि बिहार के 73.34 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में लगभग 1,467 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर होगी।

रामकृपाल यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को सशक्त बनाने की दिशा में केंद्र सरकार की एक ऐतिहासिक पहल है। इस योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6000 रुपये की आर्थिक सहायता 3 समान किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में उपलब्ध कराई जाती है।

उन्होंने कहा कि बिहार सरकार भी किसानों को इस योजना का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए प्रयासरत है। बिहार सरकार राज्य के किसानों का व्यापक स्तर पर पंजीकरण, आधार सत्यापन तथा बैंक खातों की एनपीसीआई से लिंकिंग सुनिश्चित करवा रही है। बिहार सरकार कोशिश कर रही है कि किसानों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।

कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने राज्य के किसानों से अपील की है कि जो किसान अभी तक प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से नहीं जुड़े हैं, वे शीघ्र अपना पंजीकरण कराएं और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करें, ताकि उन्हें भी इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ प्राप्त हो सके। पीएम मोदी 13 मार्च को देश के 9.32 करोड़ किसानों को पीएम किसान योजना का लाभ ट्रांसफर करेंगे। इस योजना का लाभ लेने के लिए कृषि मंत्रालय की वेबसाइट पर जाकर किसान रजिस्टर कर सकते हैं। इसका लाभ लेने के लिए जरूरी दस्तावेज और तरीके वेबसाइट पर बताए गए हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.