BIHARMUZAFFARPURSTATE

बिहार में चापाकल का पानी पीने से प्राइमरी स्कूल के 12 बच्चे बीमार, GMCH में कराया गया भर्ती

पश्चिम चंपारण: पश्चिम चंपारण जिले के चनपटिया प्रखंड स्थित भैंसही रिफ्यूजी प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बच्चों ने विद्यालय के चापाकल का पानी पीया और उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

चापाकल का पानी पीने से बिगड़ी तबियत
बच्चों को उल्टी, पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत होने लगी। घटना के बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। शिक्षकों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण भी घबरा गए। बीमार होने वाले बच्चों में शामिल हैं, पिंकी कुमारी, हिमांशु कुमार, प्रिंस कुमार, अरुण कुमार, शिवानी कुमारी, बिट्टू कुमार, साजन कुमार, सिमरन कुमारी,
भोला कुमार, विशाल कुमार, कृष्णा कुमार और विकास कुमार। बताया गया है कि स्कूल खुलने के कुछ देर बाद चार-पांच बच्चों ने चापाकल का पानी पीया था। थोड़ी ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद कुछ अन्य बच्चों ने भी वही पानी पी लिया, जिससे कुल मिलाकर लगभग 12 बच्चे बीमार हो गए।
बच्चों को जीएमसीएच में कराया गया भर्ती
स्थिति बिगड़ते देख विद्यालय प्रशासन ने तुरंत बच्चों को भैंसही अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने सभी बच्चों का प्राथमिक उपचार किया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें एंबुलेंस से बेतिया के जीएमसीएच भेजा गया।
सीएचसी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन एहतियात के तौर पर उन्हें जीएमसीएच रेफर किया गया है। उन्होंने कहा कि पानी की जांच के बाद ही बीमारी का सही कारण पता चलेगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.